‘हर घर तिरंगा’ को लेकर शुरू हुई राजनीति, कांग्रेस ने किया कटाक्ष, भाजपा का पलटवार- वे 'हर घर अफजल' की बात करते हैं

By अंकित सिंह | Jul 22, 2022

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर अब राजनीति तेज हो गई है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच अपने अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है। इस अभियान को हर घर तिरंगा कहा जा रहा है। मोदी ने एक ट्वीट के जरिए कहा कि यह मुहिम तिरंगे के साथ हमारे जुड़ाव को गहरा करेगी। उन्होंने उल्लेख किया कि 22 जुलाई, 1947 को ही तिरंगे को राष्ट्रध्वज के रूप में अपनाया गया था। कांग्रेस की ओर से इस पर कटाक्ष किया गया है तो वहीं भाजपा ने भी पलटवार किया है।

कांग्रेस ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपने मुख्यालय पर आजादी के 52 साल बाद तक तिरंगा नहीं फहराया और अब यह सब ‘पांखड’ किया जा रहा है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘जिस तिरंगे के लिए हमारे देश के कई लोग शहीद हुए, उस तिरंगे को एक संगठन ने अपनाने से मना कर दिया, 52 सालों तक नागपुर में अपने मुख्यालय पर तिरंगा नही फहराया, लगातार तिरंगे को अपमानित किया गया और आज उसी संगठन से निकले हुए लोग तिरंगे का इतिहास बता रहे हैं, हर घर तिरंगा मुहिम की योजना बना रहे हैं।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘52 सालों तक आरएसएस ने अपने मुख्यालय पर तिरंगा क्यों नहीं फहराया? खादी से राष्ट्रीय ध्वज बनाने वालों की आजीविका को नष्ट क्यों किया जा रहा है? चीन से मशीन निर्मित, पॉलिएस्टर झंडे के आयात की अनुमति क्यों दी गई?’’ 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘ विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा। ये मात्र शब्द नहीं हैं, 140 करोड़ भारतीयों की भावना है। हमारा झंडा विविध रंग, रूप, स्थान, बोली-भाषाओं, खान-पान व मान्यताओं वाले देश में एकजुटता, गौरव, सहिष्णुता, त्याग, बलिदान व आत्मबल का प्रतीक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी, खादी से बना तिरंगा देश के आत्मबल को दर्शाता है और इससे लाखों लोगों की जीविका जुड़ी है। आज के ऐतिहासिक दिन पर आशा है कि आप खादी से झंडा बनाने वालों की बात सुनेंगे और उनकी मांग पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेंगे।’’ 

इसे भी पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से अपील, 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच सभी अपने घरों पर फहराएं तिरंगा

भाजपा का पलटवार

पलटवार में भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि लोग 'हर घर तिरंगा' अभियान का स्वागत तो कर रहे हैं लेकिन दुख इस बात का है कि विपक्ष इसका विरोध कर रहा है। वे इस सकारात्मक अभियान को जबरदस्ती का देशभक्ति बता रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 'हर घर तिरंगा' की बात करती है लेकिन वे 'हर घर अफजल' की बात करते हैं और समर्थन करते हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई एजेंडा, कोई मुद्दा, कोई काम नहीं है। इसलिए वे अप्रासंगिक मुद्दे उठाते हैं, जो राष्ट्र हित में नहीं है... तिरंगा हो या देश के हित में कोई भी कार्यक्रम हो, देशभक्ति भावनाओं को जगाने के कार्यक्रम हों, कांग्रेस हमेशा विरोध करती है। उन्होंने कहा कि देश का कोई सम्मान करने के लिए सहायक भूमिका निभाने के बजाय, वे देश में देशभक्ति या राष्ट्रवाद को प्रेरित करने के किसी भी प्रयास या कदम को हमेशा खारिज करते रहते हैं। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से दिवालिया हो चुकी है।

प्रमुख खबरें

Yamuna Expressway बस हादसे पर Allahabad High Court सख्त, यूपी सरकार से मांगा जवाब

Guwahati के होमस्टे में छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस ने साथी आशिक अली को दबोचा

Election Commission के स्पष्टीकरण से NDA सहयोगियों की चिंता दूर, चिराग और नायडू ने किया समर्थन

Rajasthan में Congress MLA Chetan Patel पर FIR दर्ज, Tika Ram Jully ने BJP सरकार को घेरा