By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
पोप लियो 14वें ने पेरू में व्याप्त व्यापक ‘पुरुषवादी मानसिकता’ और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की बृहस्पतिवार को निंदा की। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान की मांग करते हुए पेरू के चर्च और वहां के लोगों के लिए आगे के दिशा-निर्देश दिए। बुधवार को भावुक माहौल में अपने पुराने घर लौटने के बाद पोप ने बृहस्पतिवार को कामकाज संभाला।
उन्होंने चर्च तथा देश की चुनौतियों पर गौर किया जिनसे वह भली भांति परिचित हैं। उन्होंने कैथोलिक चर्च के प्रभावशाली पदाधिकारियों से एकता और भाईचारे का उदाहरण बनने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने पेरू के बिशपों को निर्देश दिया कि वे अपने अनुयायियों के साथ खड़े रहें और पादरियों द्वारा किए गए यौन शोषण के पीड़ितों को न्याय दिलाएं।
उन्होंने यौन शोषण के छह पीड़ितों से भी मुलाकात की। इनमें एक ऐसे संप्रदाय जैसे समूह के पीड़ित भी शामिल थे, जिस पर पोप फ्रांसिस ने पिछले साल प्रतिबंध लगा दिया था। पोप (71) अपने घर वापस आकर बेहद खुश नजर आए।
उन्होंने लीमा के प्लाजा मेयर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया जहां करीब 40,000 लोग मौजूद थे। पोप के पास अमेरिका और पेरू की दोहरी नागरिकता है। अपनी दक्षिण अमेरिकी यात्रा के पहले दो चरणों की तरह ही यहां भी पोप लियो पूरी तरह स्वस्थ और ऊर्जा से भरपूर दिखे।
पिछले महीने ही उनके फेफड़ों के कैंसर की सर्जरी हुई थी। प्लाजा में पेरू के लोगों को संबोधित करते हुए लियो ने पेरू में व्याप्त पुरुषवादी मानसिकता और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की संस्कृति की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह ईसाई धर्म की शिक्षाओं के खिलाफ है, जो यह बताती है कि पुरुषों और महिलाओं की गरिमा समान है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह देखकर हमें दुख होता है कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा अब भी एक वास्तविकता बनी हुई है। ये महिलाएं हमारी दादी, मां, बहनें या बेटियां हो सकती हैं और उनके खिलाफ हिंसा पूरी मानवता को आहत करती है।’’ उन्होंने कहा कि गरीब, आदिवासी और अफ्रीकी मूल की पेरू की महिलाओं को दोहरे भेदभाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभी महिलाओं को महत्व देने, उनकी सुरक्षा करने और उनका सम्मान करने का आह्वान किया।
पेरू सरकार की संस्था ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्टैटिस्टिक्स एंड इंफॉर्मेटिक्स’ के अनुसार, पेरू में लैंगिक हिंसा एक गंभीर सामाजिक मुद्दा है। यहां 2016 से 2024 के बीच 1,261 महिलाओं की हत्या की गई। इस दौरान, लैंगिक आधार पर मारी जाने वाली महिलाओं की संख्या में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई जो यह दर्शाता है कि यह समस्या और भी बदतर होती जा रही है।