विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के दिन पटना में लगे पोस्टर, नीतीश को अहम भूमिका देने की मांग

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 19, 2023

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका सौंपने की मांग वाले पोस्टर मंगलवार को राज्य की राजधानी पटना के कई हिस्सों में लगाए गए। कुमार विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली गए हुए हैं। यहां लगाए गए इन पोस्टर के बारे में कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से त्वरित स्पष्टीकरण आया है कि उसका इन पोस्टर से कोई लेना-देना नहीं है। जदयू के सर्वोच्च नेता कुमार ने पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी कोई व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं, उनका एकमात्र उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता को मजबूत करना है। बिहार में जदयू के साथ महागठबंधन सरकार में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी ओर से यह स्पष्ट कर दिया है कि प्राथमिक लक्ष्य लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना है और अगर इस प्रक्रिया में मुख्यमंत्री को शीर्ष पद मिलता है, तो यह बिहार के लिए गर्व की बात होगी।

कुमार ने जून में यहां देश भर के भाजपा विरोधी नेताओं की पहली बैठक की मेजबानी की थी और एक महीने बाद बेंगलुरु में आयोजित सम्मेलन में ‘इंडिया’ गठबंधन नाम पर सहमति बनी थी। कुमार सहित गठबंधन के अधिकांश नेताओं की राय रही है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण कांग्रेसको राष्ट्रीय समूह में सबसे आगे होना चाहिए। वह बिहार के सत्तारूढ़ महागठबंधन में एक ‘जूनियर पार्टनर’ भी है। हालाँकि, महागठबंधन के सूत्र इस बात से सहमत हैं कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हाल के विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में पुनर्विचार का आह्वान किया जा सकता है, जहां कांग्रेस ने खराब प्रदर्शन किया। इस बीच, बिहार के सत्तारूढ़ महागठबंधन के सबसे बड़े घटक राजद ने कहा कि अगर जदयू द्वारा पोस्टर लगाए भी गए तो भी उसमें कोई दिक्कत नहीं है।

राजद संस्थापक लालू प्रसाद और नेहरू-गांधी परिवार के बीच व्यक्तिगत समीकरणों के आधार पर राजद का कांग्रेस के कट्टर सहयोगी के रूप में देखा जाता है। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, हर पार्टी अपने नेताओं को आगे बढ़ते हुए देखना पसंद करती है। भले ही नीतीश कुमार की पार्टी ने पोस्टर लगाए हों, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अगर हमारे मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री बनते हैं, तो यह हर नागरिक के लिए गर्व की बात होगी। हालाँकि, उन्होंने यह भी कहा, ये गौण बातें हैं। हमारे नेता तेजस्वी यादव ने विधानसभा के पटल पर कहा है कि वह उपमुख्यमंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करके खुश हैं और नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी बनने की जल्दी में नहीं हैं।

प्रमुख खबरें

Wimbledon में भारतीय टेनिस का नया सितारा, Arnav Paparkar 36 साल बाद Junior Quarter-Final में।

FIFA World Cup में रेफरी पर बड़ा बवाल, Argentina से हार के बाद मिस्र ने FIFA में दर्ज कराई शिकायत

Hormuz में हमलों से Crude Oil में लगी आग, US-Iran तनाव से भारत की भी बढ़ी टेंशन।

England की दिग्गज Tammy Beaumont कहेंगी अलविदा, Lords के ऐतिहासिक Test में भारत से आखिरी टक्कर