By नीरज कुमार दुबे | Mar 03, 2025
मध्य प्रदेश के मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि लोगों को सरकार से ‘‘भीख मांगने’’ की आदत पड़ गई है। उन्होंने लोगों को देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वालों से सीख लेने की सलाह दी। पटेल की यह टिप्पणी राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव जीतने के लिए मुफ्त सुविधाएं देने पर चल रही बहस के बीच आई है। हम आपको बता दें कि पटेल की इस टिप्पणी पर विपक्ष ने हंगामा किया और यह मामला राजनीतिक रूप से तूल पकड़ गया तो मंत्री जी आज सफाई देने के लिए मीडिया के सामने आये और कहा कि उनकी बात का गलत मतलब निकाला गया।
भाजपा नेता पटेल ने कहा कि हमेशा लेने के बजाय देने की मानसिकता विकसित करें। पटेल ने कहा, ‘‘मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि अगर आप ऐसा करेंगे तो आप खुश रहेंगे और एक संस्कारवान समाज के निर्माण में योगदान देंगे।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘भिखारियों की फौज इकट्ठा करना’’ समाज को मजबूत नहीं करता, बल्कि उसे कमजोर करता है। हालांकि अब अपनी सफाई में उन्होंने कहा है कि मेरी बात का गलत मतलब निकाला गया और अपने समाज के साथ जो मेरी बातचीत थी उसे वही लोग दूसरी तरह से पेश कर रहे हैं जिन्हें सुर्खियों में रहना अच्छा लगता है।