By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने गंगा नदी पर बने राघोपुर-बिदुपुर पुल के निर्माण का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देते हुए शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) बेवजह इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिहार दौरे से पहले आई है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को इस पुल का उद्घाटन किया।
पूर्व मुख्यमंत्री के नाम पर इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है, जिसका राजद नेता लगातार विरोध कर रहे हैं। किशोर ने पटना में संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजद अक्सर इस तरह की राजनीति करता है। मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता।
अगर रेलगाड़ियों का नाम नरेन्द्र मोदी के नाम पर रखा जा सकता है, तो नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखने में मुझे कोई परेशानी नहीं दिखती। बिहार में किसी को इस पर आपत्ति नहीं होगी। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि इस परियोजना की परिकल्पना नीतीश कुमार ने ही की थी।
भाजपा और राजद दोनों बेवजह इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव और 2015 के विधानसभा चुनाव के बीच जब इस पुल का विचार सामने आया था, उस समय नीतीश कुमार अल्पमत की सरकार चला रहे थे। किशोर ने बिहार की कथित उपेक्षा को लेकर केंद्र सरकार की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण बिहार प्रति व्यक्ति आय, देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में योगदान, बाढ़ प्रबंधन, शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर पिछड़ रहा है।
किशोर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार आ रहे हैं और उन्हें बताना चाहिए कि केंद्र में 12 साल से उनकी सरकार होने और बिहार में ‘डबल इंजन’ की सरकार होने के बावजूद राज्य प्रति व्यक्ति आय, जीडीपी, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में दूसरे राज्यों से लगातार पीछे क्यों होता जा रहा है।’’ बांकीपुर के विधायक ने सवाल किया कि बिहार को पलायन और हर साल आने वाली बाढ़ जैसी समस्याओं से आखिर कब मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर केवल एक पुल का नाम रख देना उनके प्रति सम्मान जताने से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। उनके द्वारा शुरू की गई सात निश्चय योजना के तहत कार्यक्रमों को सरकार यदि ईमानदारी से लागू करती, तो यह नीतीश कुमार के प्रति सच्चा सम्मान होता।
उद्घाटन से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पोस्टर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की तुलना में नीतीश कुमार को कम प्रमुखता दिए जाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए किशोर ने कहा कि भाजपा राजनीतिक रूप से धीरे-धीरे नीतीश कुमार की पार्टी को निगल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को अमित शाह चला रहे हैं। ऐसे में स्वाभाविक है कि वह भाजपा के झंडे को बढ़ावा देंगे और नरेन्द्र मोदी के चेहरे को अधिक प्रमुखता देंगे।
वह नीतीश कुमार को क्यों बढ़ावा देंगे?’’ जन सुराज पार्टी के नेता ने दावा किया कि जदयू और नीतीश कुमार की राजनीतिक प्रासंगिकता लगातार कम होती जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के लगभग बराबर विधायक होने के बावजूद न तो नीतीश कुमार और न ही उनकी पार्टी की सरकार के कामकाज, प्रचार या राजनीतिक संवाद में कोई खास भूमिका दिखाई देती है। छठ पर्व के दौरान भी नरेन्द्र मोदी और सम्राट चौधरी के पोस्टर लगाए गए थे, लेकिन नीतीश कुमार के पोस्टर नहीं दिखे।’’