Prashant Kishor बांकीपुर उपचुनाव में आगे, पांचवें दौर की मतगणना के बाद बढ़त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 03, 2026

पटना, तीन अगस्त बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के पांचवें दौर के बाद जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार से 2,319 मतों के अंतर से आगे हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कुल 31 दौर की मतगणना में से पांच दौर पूरे हो चुके हैं। ताजा रुझानों के मुताबिक, प्रशांत किशोर को 8,971 मत मिले हैं, जबकि भाजपा के नीरज कुमार को 6,652 मत प्राप्त हुए हैं।

सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पहली बार चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर भाजपा से यह सीट छीनने में सफल होते हैं या नहीं। बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जनता का जो भी फैसला होगा, उसे स्वीकार किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ये शुरुआती रुझान हैं।

कुछ और दौर की मतगणना के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हमें उम्मीद है कि जनादेश राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में होगा, क्योंकि हमने सभी जातियों, धर्मों और समुदायों के लोगों के विकास के लिए काम किया है।’’ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण इस सीट के रिक्त होने के बाद यह उपचुनाव जरूरी हो गया है। भाजपा ने इस सीट से अपने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले 2025 के विधानसभा चुनाव में वह भाजपा के नितिन नवीन से 50,000 से अधिक मतों के अंतर से पराजित हुई थीं। उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को हुए मतदान में 34.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था जो पिछले विधानसभा चुनाव में हुए 41.45 प्रतिशत मतदान की तुलना में सात प्रतिशत से अधिक कम रहा।

मतगणना शुरू होने से पहले राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस बीच, पटना में मिठाई की कई दुकानों पर भाजपा कार्यकर्ता लड्डू तैयार करवाते दिखे गए। उनका दावा है कि नीरज कुमार सिन्हा की जीत तय है।

प्रमुख खबरें

ICC के नए उपाध्यक्ष बने Tavengwa Mukuhlani, Imran Khwaja की जगह 2027 तक संभालेंगे पद

मछुआरों को EEZ में Tuna जैसी महंगी मछलियां पकड़ने पर देना होगा ध्यान: Rajiv Ranjan Singh

तीसरे T20 में 7 रन से हारी India A, ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 से जीती सीरीज

कमजोर Dollar और कच्चे तेल में गिरावट से Gold Price में तेजी, 3 साल बाद बढ़ी ब्याज दर