By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को दावा किया कि देश में फोन टैपिंग एक हकीकत है और उन्होंने पेगासस विवाद का हवाला देते हुए दावा किया कि उनका फोन भी टैप किया जा रहा था। बांकीपुर के विधायक किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उनकी हालिया सौहार्दपूर्ण मुलाकात को लेकर पत्रकारों के सवालों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता से शिष्टाचार के नाते हाथ मिलाने का मतलब यह नहीं है कि ‘‘वह उन्हें सातवीं फेल के बजाय पीएचडी धारक मानने लगेंगे’’।
राहुल के आरोपों पर किशोर ने कहा, ‘‘फोन टैप किए जाते हैं। यह कुछ समय से जारी है। यह एक हकीकत है, जिसके बारे में लोगों को जागरूक होने की जरूरत है।
मुझे अपने फोन की टैपिंग के बारे में तब पता चला था, जब पेगासस के संभावित निशानों में मेरा नाम भी शामिल था।’’ गौरतलब है कि इजराइल में विकसित स्पाइवेयर की मदद से कथित जासूसी किए जाने की खबरें सामने आई थीं, उस समय किशोर चुनावी रणनीतिकार के तौर पर काम कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती देने के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपना रुख और कड़ा करते हुए आरोप लगाया कि उनके पास प्रधानमंत्री के खिलाफ लगाए गए आरोपों के सबूत उनके फोन में मौजूद हैं। इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी’ सत्र के दौरान सार्वजनिक बहस पर जोर देने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में गांधी ने कहा कि उन्हें संसद में बोलने की अनुमति नहीं दी जाती और उनका माइक तक बंद कर दिया जाता है।
सत्र के दौरान एक अन्य सवाल के जवाब में कांग्रेस नेता ने दावा किया कि उनके सभी आरोपों के सबूत उनके फोन में हैं, ‘‘जिसकी प्रधानमंत्री द्वारा टैपिंग की जा रही है’’। किशोर से एक दिन पहले बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उनकी सौहार्दपूर्ण मुलाकात के बारे में भी सवाल किया गया। दोनों नेता हाल ही में भाजपा के वरिष्ठ नेता रवींद्र किशोर सिन्हा के श्राद्ध कार्यक्रम में मिले थे।
चौधरी के खिलाफ कथित आपराधिक पृष्ठभूमि और संदिग्ध शैक्षणिक योग्यता को लेकर लगातार हमलावर रहे बांकीपुर विधायक ने कहा, ‘‘राज्य विधानमंडल के सदस्य के रूप में ऐसे कई मौके आएंगे, जब मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, अंतिम संस्कार जैसे अवसरों पर शिष्टाचार बरतना हमारी संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। मुझसे यह उम्मीद क्यों की जानी चाहिए कि मैं सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री के प्रति असभ्य व्यवहार करूं?’’ किशोर ने कहा, ‘‘सार्वजनिक जीवन में शिष्टाचार का भी अपना स्थान होना चाहिए। मैं बिहार के उत्थान के लिए काम कर रहा हूं और इस दिशा में जिन लोगों को कमजोर पाया है, उनकी आलोचना करता रहा हूं।
यही रुख मेरा पूर्व मुख्यमंत्रियों लालू प्रसाद और नीतीश कुमार के प्रति भी रहा है, जो क्रमशः राजद और जदयू का नेतृत्व करते हैं। सम्राट चौधरी के प्रति भी मेरा यही नजरिया है।’’