By अंकित सिंह | Jul 08, 2025
हिमाचल प्रदेश में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के दौरान भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह दुखद और खेदजनक स्थिति है। मैं भी सांसद रही हूं। मुझे पता है कि भारत सरकार हमें कितना पैसा आवंटित करती है, जो लोगों में बांटा जाता है और यह राहत कार्यों के लिए होता है। चाहे वह कोई आपदा हो या कोई अन्य समस्या, सांसद निधि का उपयोग उसी उद्देश्य के लिए किया जाता है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि मुझे समझ नहीं आया कि यह सब कहते समय उनके मन में क्या था। आज, खासकर मंडी के लोग इस बात का अफसोस कर रहे हैं कि हमने बहुत बड़ी गलती कर दी। बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से मंडी संसदीय क्षेत्र में तबाही मचने के कुछ दिन बाद भाजपा सांसद ने रविवार को क्षेत्र का दौरा किया और राहत कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा था कि राहत और पुनर्बहाली कार्य राज्य सरकार की जिम्मेदारी है तथा एक सांसद केवल प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को स्थिति से अवगत करा सकता है एवं केंद्रीय सहायता का अनुरोध कर सकता है।
पलटवार करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘मंडी राज्य का सबसे बड़ा संसदीय क्षेत्र है और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हिमाचल के दो-तिहाई क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली सांसद कह रही हैं कि उनके पास कोई फंड, एजेंसियां या कैबिनेट नहीं है।’’ सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ऐसे बयानों से पता चलता है कि कंगना अपने काम को गंभीरता से नहीं ले रही हैं।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद अपनी जिम्मेदारी नहीं समझती हैं।