राष्‍ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने दशहरे की शुभकामना दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 29, 2017

नयी दिल्ली। राष्‍ट्रपति राम नाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू ने दशहरे के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। अपने शुभकामना संदेश में कोविंद ने कहा कि दशहरे का पावन पर्व बुराई पर अच्‍छाई एवं नीतिपरक नैतिक मूल्‍यों के विजय का द्योतक है। उन्होंने कहा कि इन मूल्‍यों में सार्वभौमिक सद्भाव की भावना छिपी हुई है तथा आज पूरी मानवता के लिए इनका बहुत अधिक महत्‍व है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह पर्व हमें भगवान राम के जीवन से संबंधित मानवीय और सामाजिक मूल्‍यों का स्‍मरण कराता है।

भगवान राम का आदर्श चरित्र हम सभी को कर्तव्‍य, नैतिकता और समाज की सेवा के प्रति समर्पण की सीख देता है। उन्होंने देशवासियों से सभी प्रकार की बुराइयों से लड़ते हुए एक आदर्श परिवार, समाज, देश एवं विश्‍व के निर्माण में अपना अमूल्‍य योगदान देने का संकल्‍प करने का आह्वान करते हुये देश और विदेश में बसे सभी भारतीयों को विजय के पर्व की शुभकामनायें दी। उपराष्ट्रपति नायडू ने भी देशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुये कहा कि बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व दशहरा भगवान राम के आदर्श जीवन और कल्याण कार्य में उनके विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह पर्व लोगों के बीच सौहार्द और मैत्री की भावना को बढ़ावा देता है। नायडू ने विजयादशमी के अपने बधाई संदेश में कहा कि ‘‘मैं कामना करता हूं कि यह पर्व देश में शांति, सद्भाव और संपन्नता लाए। दशहरा के पावन पर्व पर मैं देशवासियों को शुभकामनाएं और बधाई देता हूं।

प्रमुख खबरें

वहशी भीड़ का तांडव, हिंदू युवक की सरेआम लिंचिंग, अब 7 हुए गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर में बड़ी सुरक्षा खामी उजागर, हाईड्रो प्रोजेक्ट के 29 कर्मचारियों के आतंकी लिंक

उनके लिए बीफ का केवल एक ही मतलब है, केरल CM ने महोत्सव में फिल्म प्रतिबंध को लेकर केंद्र पर साधा निशाना

घरेलू फेशियल से पाएं पार्लर जैसा निखार, पैसे भी बचें और त्वचा भी दमके!