प्रिंस चार्ल्स और बेटे प्रिंस विलियम ने महारानी एलिजाबेथ को किया सम्मानित

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 05, 2022

लंदन। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के शासन के 70 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित चार-दिवसीय प्लैटिनम जुबली समारोह के तीसरे दिन शनिवार को बकिंघम पैलेस के सामने एक विशेष संगीत कार्यक्रम में प्रिंस चार्ल्स और उनके बेटे प्रिंस विलियम ने महारानी को सम्मानित किया। इस दौरान खुले में आयोजित ‘पार्टी एट द पैलेस’ समारोह में करीब 22,000 लोग एकत्र हुए, जिनके सामने डायना रॉस, रॉक बैंड क्वीन, डुरान डुरान, एलिसिया कीज और अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। महारानी एजिलाबेथ (96) समारोह में शामिल नहीं हुई, लेकिन रिकॉर्ड किए गए वीडियो में उन्हें ‘पैंडिंगटन बीयर’ के एनिमेटेड संस्करण के साथ देखकर लोगों की भीड़ खुश हो गई।

इसे भी पढ़ें: जो बाइडेन के घर के ऊपर से गुजरा अनजान विमान, सुरक्षित जगह पहुंचाए गए अमेरिकी राष्ट्रपति

उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। महारानी स्वास्थ्य संबंधी कारणों से बृहस्पतिवार से समारोहों में शामिल नहीं हो पाई हैं, लेकिन इसके बावजूद भीड़ ने कॉन्सर्ट का खूब आनंद लिया। कॉन्सर्ट में शामिल होने आए दक्षिण पश्चिम इंग्लैंड में कॉर्नवाल के साम अक्कोइम ने कहा, ‘‘यह एक जादुई अनुभव है.... (यह) हमारे जीवन में फिर कभी नहीं होगा और इसका हिस्सा बनना वाकई लाजवाब है।’’ महारानी ने शनिवार को घुड़दौड़ प्रतियोगिता में भी शिरकत नहीं की। उनकी बेटी राजकुमारी ऐनी ने उनका प्रतिनिधित्व किया। राजकुमारी शनिवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ रॉयल बॉक्स में नजर आईं। प्रतियोगिता में उपस्थित भारी भीड़ के साथ वह खुशी का इजहार करते और झंडे लहराते देखी गईं।

महारानी को घोड़ों की शौकीन माना जाता है और वह अपने इतने लंबे शासन काल मेंइक्का-दुक्का बार ही एप्सम डर्बी से वंचित रही होंगी। एक घुड़सवार ने बीबीसी से कहा, ‘‘मैं आश्वस्त हूं कि महारानी टेलीविजन पर इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता को देखेंगी, क्योंकि वह डर्बी से बहुत अधिक लगाव रखती हैं।’’ महारानी शुक्रवार को लंदन में सेंट पॉल कैथेडरल की ओर से आयोजित ‘धन्यवाद ज्ञापन’ समारोह में भी हिस्सा नहीं ले पाई थीं। हालांकि प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन शाही परिवार के उन 50 सदस्यों में शामिल थे, जो महारानी को सम्मानित करने के लिए वहां इकट्ठा हुए थे। शाही परिवार के कर्तव्यों को त्याग कर दो साल पहले कैलिफोर्निया चले जाने के बाद से हैरी और मेगन की ब्रिटेन में यह पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी। रिश्तों में आई गर्माहट के एक अन्य संकेत के तौर पर शाही परिवार ने ट्वीट करके प्रिंस हैरी और मेगन की बेटी लिलिबेट को पहली वर्षगांठ की बधाई दी। शाही परिवार के आधिकारिक ट्विटर पर लिखा गया था, ‘‘लिलिबेट को पहली वर्षगांठ की बधाई एवं शुभकामनाएं।’’ लिलिबेट शनिवार को एक साल की हो गयी। वह और उसका बड़ा भाई आर्ची इस यात्रा के दौरान सामने नहीं आए।

प्रमुख खबरें

BCCI ने Smriti Mandhana को बनाया भारतीय महिला टीम का नया Captain, नए उप-कप्तानों के नाम भी सामने आए

BPTP Extortion मामले में AI Voice Clone की होगी जांच, CBI CFSL को High Court का निर्देश

इजराइली सेना के हमलों में Gaza Strip का राफा शहर पूरी तरह तबाह, सैटेलाइट तस्वीरों से सामने आई बर्बादी

Jharkhand DGP नियुक्ति विवाद, UPSC नियमों की अनदेखी पर Supreme Court में सुनवाई