By अभिनय आकाश | Oct 30, 2026
सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने नाटो के महासचिव मार्क रुटे और कनाडा, जर्मनी तथा स्पेन के अपने समकक्षों के साथ अलग-अलग फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय घटनाक्रमों और सऊदी अरब के खिलाफ हूती हमलों पर चर्चा की। शुक्रवार को एक्स पर कई पोस्ट के जरिए, सऊदी के रक्षा मंत्री खालिद ने अपनी बातचीत का विवरण साझा किया। उन्होंने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों, क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए आपसी समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा बातचीत में हमने रक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और क्षेत्रीय घटनाक्रमों को लेकर अपने आपसी समन्वय पर चर्चा की, ताकि क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा मिल सके। हमने आपसी हित के कई अन्य विषयों पर भी बात की।" एक अलग बातचीत में, कनाडा के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री डेविड मैकगुइंटी के साथ, प्रिंस खालिद ने अल्बर्टा में 'कैनेडियन फोर्सेज बेस वेनराइट' में लगी आग के दौरान कनाडाई सैन्य कर्मियों की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गरीटा रोबल्स से भी बातचीत की, जिसमें द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और हौथी हमलों के बाद क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गरीटा रोबल्स के साथ बातचीत में, हमने अपने रक्षा सहयोग और सऊदी-स्पेन संबंधों को मजबूत करने के तरीकों की समीक्षा की। हमने सऊदी अरब पर हुए हौथी आतंकवादी हमलों के बाद के क्षेत्रीय घटनाक्रमों, और सुरक्षा तथा स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों पर चर्चा की।