Prince William के ग्रामीण आवास में चोरी की कोशिश, ब्रिटिश पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

ब्रिटिश राजगद्दी के पहले दावेदार युवराज विलियम और उनकी पत्नी कैथरीन के आवास में सेंधमारी करने का मामला सामने आया है और इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ब्रिटेन की मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ‘द सन’ में प्रकाशित खबरों के मुताबिक पुलिस उन दावों की जांच कर रही है जिनके मुताबिक सोमवार रात पूर्वी इंग्लैंड में महाराज चार्ल्स तृतीय की ‘सैंड्रिंघम एस्टेट’ में स्थित ‘एनमर हॉल’ में नकाबपोश लोग दाखिल हो गए थे।

खबर के मुताबिक घटना के समय विलियम, कैथरीन और उनके परिवार के बाकी सदस्य आवास पर मौजूद नहीं थे। केंसिंग्टन राजप्रसाद ने कहा कि वह सुरक्षा मामलों पर कोई टिप्पणी नहीं करेगा। हालांकि, ब्रिटिश पुलिस ने कहा कि सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित ‘एनमर हॉल’ में चोरी करने की कोशिश करने के संदेह में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उत्तर लंदन से करीब 170 किलोमीटर दूर अवस्थित ‘एनमर हॉल’ में 10 शयनकक्ष हैं और इसे तत्कालीन महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने विलियम और कैथरीन को विवाह के तोहफे के तौर पर दिया था। शाही जोड़ा इसका इस्तेमाल सप्ताहांत पर शहर से दूर के आवास के तौर पर करता है। विलियम और उनके परिवार के सदस्य अपना अधिकतर समय विंडसर के ‘फॉरेस्ट लॉज’ में बिताते हैं।

पिछले कुछ वर्षों में शाही संपत्तियों में सेंधमारी की कई घटनाएं सामने आई हैं। अक्टूबर 2024 में, चोर लंदन के पश्चिम में स्थित ‘विंडसर कैसल एस्टेट’ में घुस गए और एक इमारत से पिकअप ट्रक और क्वाड बाइक चुरा ले गए। उस समय चार्ल्स-तृतीय और उनकी पत्नी कैमिला विंडसर कैसल में मौजूद नहीं थे।

तीन साल पहले, महल के परिसर में एक व्यक्ति को पकड़ा गया था। बाद में जसवंत सिंह चैल को नौ साल कारावास की सजा सुनाई गई क्योंकि उसने कबूल किया था कि उसे एलिजाबेथ द्वितीय की हत्या करने के लिए एक चैटबॉट ने उकसाया था।

प्रमुख खबरें

भारत के खिलाफ Test मैच ड्रॉ कराने पर Luke Ronchi ने की बल्लेबाजों की तारीफ

Prince William के आवास Anmer Hall में घुसे चोर, ड्रोन व हेलिकॉप्टर सर्च के बाद 2 गिरफ्तार

BJP और SAD का 2027 चुनाव के लिए गठबंधन, AAP ने साधा तीखा निशाना

Tripura के Rubber Mission 2.0 विस्तार की मांग केंद्र के सामने उठाएगा रबर बोर्ड