By एकता | Dec 01, 2024
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने रविवार को वायनाड के मनंतवाडी में एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा की केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने जनता से कहा कि आज लड़ाई उस ताकत के खिलाफ है जो लोगों के अधिकारों को कमजोर कर उन्हें कुछ 'कारोबारी मित्रों' को सौंप रही है। उन्होंने कहा, 'आज हम अपने राष्ट्र की भावना के लिए, भारत की आत्मा के लिए लड़ रहे हैं। यह लड़ाई इस देश की शक्ति और संसाधनों पर उसके लोगों का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए है।'
कांग्रेस महासचिव ने जनता से कहा कि मैं चाहती हूं कि आप में से हर कोई यह जान ले कि आप मेरी जिम्मेदारी हैं। मैं आपके प्यार को पूरी गंभीरता से लेती हूं और अगले पांच वर्षों में आपके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लड़ाई लड़ना मेरा कर्तव्य है। बता दें, उपचुनाव जीतने के बाद प्रियंका पहली बार वायनाड पहुंची थीं।
प्रियंका ने कहा कि वह उन्हें मिले प्यार और स्नेह के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए दो दिन के लिए यहां आई हैं। उन्होंने कहा कि यहां से जाने के बाद उनका असली काम शुरू होगा। उन्होंने जनता से कहा कि हम आपकी सभी समस्याओं को हल करने के लिए मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा प्रियंका ने लोगों से यह भी कहा कि उनका सबसे पहला काम मलयालम सीखना है।
प्रियंका ने कहा, 'कल ऐसी ही एक सभा में, लोगों के बीच से किसी ने मुझसे कहा कि आप वादा कीजिये कि आप फिर आएंगी। इसलिए मैं वादा करती हूं कि मैं इतनी बार आऊंगी कि आप मुझसे ऊब जाएंगे। इसलिए कृपया मुझे देखने की आदत डाल लीजिए।'
सुल्तान बाथरी में अपने संबोधन में कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने चार महीने पहले वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन का राजनीतिकरण किया। कांग्रेस नेता ने कहा, 'सत्ता में मौजूद व्यक्तियों को यह समझना चाहिए कि एक बड़ी त्रासदी हुई है और इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।'
राहुल गांधी के साथ दो दिन के लिए वायनाड के दौरे पर आईं प्रियंका ने शनिवार को वायनाड लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तिरुवंबाडी, निकंबूर, कोझिकोड तथा मलप्पुरम जिलों में जनसभाओं में हिस्सा लिया। प्रियंका ने वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव में 4,10,931 मतों के अंतर से जीत हासिल की, जो उनका पहला चुनावी मुकाबला था। राहुल ने 2024 के लोकसभा चुनाव में वायनाड के अलावा उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से भी जीत हासिल की थी। इसके बाद, उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी थी, जिसपर नवंबर में उपचुनाव हुआ था।