जयपुर से लखनऊ लौटीं प्रियंका गांधी, शुरू हुआ बैठकों का सिलसिला

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 12, 2019

लखनऊ। मिशन-उत्तर प्रदेश पर निकलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज दोपहर जयपुर से लौटने के बाद अपने लखनऊ दौरे के दूसरे दिन लोकसभावार बैठकों का दौर शुरू किया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका ने जयपुर से लौटने के बाद अपने जिम्मे वाले लोकसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकों का सिलसिला शुरू किया। प्रियंका कल राजधानी में रोड शो करने के बाद अपने पति रॉबर्ट वाड्रा से मुलाकात के लिये देर रात विशेष विमान से जयपुर रवाना हो गयी थीं। वह दोपहर करीब एक बजे लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंची। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर समेत कई वरिष्ठ नेता उनकी अगवानी के लिये हवाई अड्डे पहुंचे थे।

इसे भी पढ़ें: लखनऊ आते ही प्रियंका गांधी ने वाड्रा सरनेम से दूरी क्यों बना ली?

प्रवर्तन निदेशालय वाड्रा और उनकी मां मॉरीन से बीकानेर में जमीन खरीद मामले में पूछताछ कर रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका लखनऊ के चार दिन के दौरे पर हैं। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक प्रियंका आज लखनऊ, मोहनलालगंज, प्रयागराज, अम्बेडकर नगर, सीतापुर, कौशाम्बी, फतेहपुर, बहराइच, फूलपुर और अयोध्या समेत 11 लोकसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं तथा पदाधिकारियों के साथ एक-एक कर बैठक कर रही हैं। बैठकों का यह दौर देर रात तक जारी रहेगा। इसके अलावा, प्रियंका बुधवार और गुरुवार को भी अपने प्रभार वाले बाकी लोकसभा क्षेत्रों में भी पार्टी की स्थिति का जायजा लेंगी।

इसे भी पढ़ें: प्रियंका गांधी से बहुत ज्यादा उम्मीद न लगाए कांग्रेस, वह पहले भी UP में विफल होती रही हैं

पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रियंका इन बैठकों में हर लोकसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन की स्थिति का जायजा ले रही हैं। प्रियंका की इन बैठकों को आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों और प्रत्याशियों के चयन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रियंका ने सोमवार को लखनऊ में एक रोडशो के जरिये अपने चुनाव अभियान की जोरदार शुरूआत की थी। इस दौरान उनके साथ उनके भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश की 42 सीटों की जिम्मेदारी दी गयी है और राज्य के इस हिस्से में भाजपा का खासा दबदबा माना जाता है। खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इसी क्षेत्र के वाराणसी की नुमाइंदगी करते हैं।

प्रमुख खबरें

Baramati में कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों ने बताई समस्याएं, Ajit-Sunetra से जनता को बड़ी उम्मीदें

Sharad Pawar के हाथ से फिसल रहा Baramati, अजित का बढ़ रहा दबदबा

रायबरेली से नामांकन के बाद बोले राहुल गांधी, बड़े भरोसे के साथ मेरी मां ने मुझे सौंपी परिवार की कर्मभूमि

जीने के लिए केवल कुछ महीने का समय, पत्नी अनीता गोयल को कैंसर, नरेश गोयल की जमानत याचिका पर 6 मई को फैसला