By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 28, 2024
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली। वह केरल की वायनाड लोकसभा सीट के लिए हाल में संपन्न उपचुनाव में सदन की सदस्य निर्वाचित हुई हैं। प्रियंका ने हिंदी में शपथ ली और इस दौरान उन्होंने संविधान की एक प्रति अपने हाथ में ले रखी थी
उन्होंने विपक्ष में अग्रिम पंक्ति में बैठे नेताओं की ओर हाथ जोड़कर अभिवादन किया और सदन में नेता प्रतिपक्ष तथा उनके भाई राहुल गांधी ने भी हाथ जोड़कर प्रियंका का अभिवादन स्वीकार किया। यह पहली बार है कि संसद में गांधी-नेहरू परिवार के तीन सदस्य होंगे।
प्रियंका के भाई राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं तथा उनकी मां सोनिया गांधी राज्यसभा की सदस्य हैं। प्रियंका वायनाड लोकसभा उपचुनाव में चार लाख से अधिक मतों के अंतर सेजीती हैं। वह पहली बार किसी सदन की सदस्य बनी हैं। वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं और उसके बाद से पार्टी महासचिव के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं।