राहुल-सोनिया के सामने Priyanka Gandhi ने खोला बचपन का राज, याद किया स्कूल का पुराना किस्सा

By एकता | Nov 24, 2026

कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने बचपन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ बैठकर पुराने दिनों की बातें करते नजर आ रहे हैं। इस बातचीत के दौरान प्रियंका ने बताया कि स्कूल में एक बच्चे ने उनके चाचा संजय गांधी को चोर कह दिया था। यह सुनकर उन्हें इतना गुस्सा आया कि उन्होंने उस बच्चे को जोरदार थप्पड़ मार दिया था।

तेरा चाचा जेल में है, चोर है तेरा चाचा

वीडियो में राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका से पूछते हैं कि क्या उन्हें वह दिन याद है, जब चुनाव हारने के बाद वह पहली बार स्कूल गई थीं? इस पर प्रियंका कहती हैं कि उन्हें वह घटना आज भी अच्छी तरह याद है।

प्रियंका ने बताया कि स्कूल में एक छोटा बच्चा उनके पास आया और कहा, "तेरा चाचा जेल में है, चोर है तेरा चाचा।" बच्चे की यह बात सुनकर प्रियंका को बहुत गुस्सा आया और उन्होंने उसे जोरदार थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने के बाद बच्चा रोने लगा। इसके बाद स्कूल की टीचर ने प्रियंका को डांटा और उनकी मां को भी स्कूल बुलाया गया।

इसे भी पढ़ें: Punjab में फिर बनी बीजेपी-अकाली दल की जोड़ी, Raja Warring बोले- कांग्रेस को होगा फायदा

इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद की है घटना

प्रियंका गांधी ने जिस घटना का जिक्र किया, वह साल 1977 के लोकसभा चुनाव के बाद की है। उस चुनाव में इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। इमरजेंसी के बाद हुए इस चुनाव में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई थी। उस समय संजय गांधी को लेकर भी राजनीतिक विवाद और आलोचनाएं हो रही थीं। प्रियंका ने बताया कि चुनाव में हार के बाद परिवार के लिए वह समय काफी मुश्किल था। परिवार को अपना घर भी बदलना पड़ा था। स्कूल में उन्हें दूसरे बच्चों की टिप्पणियों का सामना करना पड़ता था।

राहुल गांधी ने भी सुनाया स्कूल का किस्सा

इस बातचीत में राहुल गांधी ने भी अपने स्कूल के दिनों से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि स्कूल में प्रियंका और उनके व्यवहार में काफी अंतर था। प्रियंका जहां नियमों का पालन करने वाली और अनुशासित छात्रा थीं, वहीं राहुल खुद को बागी स्वभाव का बताते हैं।

राहुल ने बताया कि प्रियंका स्कूल में प्रीफेक्ट थीं, जबकि वह खुद सुपर प्रीफेक्ट थे। उन्होंने कहा कि वह अक्सर सवाल पूछते रहते थे और अपनी ही दुनिया में खोए रहते थे। राहुल ने एक और घटना याद करते हुए बताया कि चुनाव में हार के बाद जब वह स्कूल पहुंचे, तो उनके बगल में कोई नहीं बैठा था। वहां की जगह खाली थी। वह सोचते रहे कि आखिर उनके पास कोई क्यों नहीं बैठ रहा, लेकिन उन्होंने किसी से इस बारे में कुछ नहीं कहा।

इसे भी पढ़ें: 'गांधी परिवार' के गढ़ में भी कांग्रेस को सीट नहीं, अखिलेश ने दिया ऐसा ऑफर, इमरान मसूद बोले- भीख नहीं मांग रहे

सोनिया गांधी की किताब पर हुई पुरानी यादों की चर्चा

यह बातचीत सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर हुई। राहुल गांधी ने वीडियो साझा करते हुए बताया कि उन्होंने और प्रियंका ने अपनी मां के साथ बैठकर किताब से जुड़े कई पुराने किस्सों पर चर्चा की।

राहुल गांधी के मुताबिक, 500 से ज्यादा पन्नों की इस किताब में भी कुछ ऐसी बातें हैं, जिन्हें उनकी मां ने शामिल नहीं किया है। बातचीत के दौरान परिवार के पुराने दिनों, इंदिरा गांधी की चुनावी हार और राजीव गांधी की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

प्रमुख खबरें

सुंदर नगरी Firing Case में दो आरोपी गिरफ्तार, Delhi Police ने बरामद की पिस्टल

आखिर क्यों हर साल Jhiri Village पहुंचते हैं हजारों श्रद्धालु? जानें 500 साल पुराने मेले की कहानी

RK Pachauri Sexual Harassment Case: Delhi High Court ने रद्द की आंतरिक समिति की जांच रिपोर्ट

Career Tips: कनाडा सरकार ने Student Direct Stream किया बंद, Study Visa पर लगाया सख्त कैप