जामिया वीडियो पर प्रियंका बोलीं, कोई कार्रवाई नहीं हुई तो सरकार की नीयत देश के सामने आ जाएगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 16, 2020

नयी दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को एक वीडियो साझा किया जिसमें पुलिस जामिया के छात्रों पर कथित तौर पर लाठीचार्ज करती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि अगर इस पर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो सरकार की नीयत पूरी तरह से देश के सामने आ जाएगी।उन्होंने गृह मंत्री और दिल्ली पुलिस पर यह “झूठ’’ बोलने का भी आरोप लगाया कि लाइब्रेरी के भीतर जामिया के छात्रों की पिटाई नहीं की गई थी। उन्होंने ट्वीट किया, “देखिए किस तरह दिल्ली पुलिस लाइब्रेरी में छात्रों को अंधाधुंध पीट रही है। एक लड़का किताब दिखा रहा है लेकिन पुलिसवाला लाठियां चलाए जा रहा है।” उन्होंने कहा, “गृह मंत्री और दिल्ली पुलिस ने झूठ बोला कि उन्होंने लाइब्रेरी में घुसकर किसी को नहीं पीटा।”

प्रियंका ने कहा, “जामिया के इस वीडियो को देखने के बाद अगर कोई कार्रवाई नहीं की जाती तो सरकार की नीयत पूरी तरह से देश के सामने आ जाएगी।” विशेष पुलिस आयुक्त (खुफिया विभाग) प्रवीर रंजन ने कहा कि यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है और वे जारी जांच प्रक्रिया के तहत इसकी भी जांच करेंगे। इस 48 सेकेंड के वीडियो में अर्द्धसैनिक बल और पुलिस के सात से आठ कर्मी ओल्ड रीडिंग हॉल में प्रवेश करते और छात्रों को लाठी से पीटते हुए दिख रहे हैं। विश्वविद्यालय 15 दिसम्बर को उस वक्त युद्धक्षेत्र में तब्दील हो गया था जब पुलिस परिसर के भीतर उन बाहरी लोगों को तलाश करने के लिए घुसी जिन्होंने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान शैक्षणिक संस्थान से कुछ दूरी पर हिंसा और आगजनी की थी। लाइब्रेरी में छात्रों पर की गई कथित कार्रवाई के लिए पुलिस को जनाक्रोश का सामना करना पड़ा था।

प्रमुख खबरें

Prashant Kishor ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

AISA अध्यक्ष Neha Bora ने Jantar Mantar प्रदर्शन जारी रखने का दिया संदेश

Shardiya Navratri 2026: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, घटस्थापना और पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट

Mansukh Mandaviya से मिले पैरा निशानेबाज, Asian Para Games चयन में PCI पर लगाया पक्षपात का आरोप