By Prabhasakshi News Desk | Oct 11, 2024
कोलकाता । कोलकाता में दुर्गा पूजा के एक पंडाल के समीप प्रदर्शन कर रहे नौ विद्यार्थियों की गिरफ्तारी की प्रोफेसरों के दो संगठनों ने आलोचना की। ये छात्र आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। यादवपुर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (जेयूटीए) और अखिल बंगाल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (एबीयूटीए) ने अलग-अलग बयानों में राज्य के लोगों से गिरफ्तार विद्यार्थियों और कनिष्ठ चिकित्सकों को अपना समर्थन देने की अपील की।
उन्होंने कहा, “हम विद्यार्थियों के समर्थन में हैं।” एबीयूटीए के महासचिव गौतम मैती ने विद्यार्थियों की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह आमरण अनशन पर बैठे चिकित्सकों की ‘उचित मांगों’ को पूरा करने के लिए तुरंत कार्रवाई करे। एक अदालत ने बृहस्पतिवार को इन नौ विद्यार्थियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने दावा किया कि ये विद्यार्थी एक नक्सल समर्थक संगठन के सदस्य हैं।