By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 23, 2020
बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई के लिये वित्तीय संसाधनों को बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रदेश के विधायकों के वेतन में एक साल के लिये 30 प्रतिशत की कटौती का प्रस्ताव पारित किया। विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री जी सी मधुस्वामी ने इस बदलाव के लिये सदन में ‘कर्नाटक विधायक वेतन, पेंशन, भत्ते और अन्य भत्ते (संशोधन) अध्यादेश,2020’ पेश करते हुए कहा कि इससे 16 से 18 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है। मधुस्वामी ने विधानसभा को बताया, “कोविड-19 के मद्देनजर हमने अपने दल और विपक्ष के नेताओं, मंत्रियों, विधायकों, विधान पार्षदों, प्राधिकारों के प्रमुखों, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से चर्चा की कि हमें 30 प्रतिशत वेतन कटौती के लिये सहमत होना चाहिए।”