By एकता | Oct 30, 2026
बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही एक बार फिर कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के वसूली मामले को लेकर चर्चा में हैं। इस मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें समन भेजा है। कोर्ट ने नोरा को अभियोजन पक्ष की गवाह के तौर पर पेश होने का निर्देश दिया है। उन्हें 2 नवंबर 2026 को अदालत में उपस्थित होना होगा।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा फतेही को इस मामले में गवाह के तौर पर बुलाया है। केस में दाखिल तीसरी पूरक चार्जशीट में भी उनका नाम गवाह के रूप में शामिल किया गया है। यहां ध्यान देने वाली बात है कि नोरा को आरोपी के तौर पर नहीं, बल्कि अभियोजन पक्ष की गवाह के रूप में अदालत में पेश होने के लिए कहा गया है। अब 2 नवंबर 2026 को उनकी गवाही हो सकती है।
सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े इस मामले में नोरा फतेही से पहले भी जांच एजेंसियां पूछताछ कर चुकी हैं। सितंबर 2022 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने उनसे करीब सात घंटे तक सवाल-जवाब किए थे।
पूछताछ के दौरान उनसे सुकेश के साथ संपर्क और कथित तौर पर मिले उपहारों के बारे में जानकारी मांगी गई थी। इसके अलावा ईडी भी इस मामले में नोरा से पूछताछ कर चुका है। तीसरी पूरक चार्जशीट में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के बयान भी गवाहों के तौर पर शामिल किए गए हैं। जांच के दौरान जैकलीन का नाम भी इस मामले में सामने आया था।