By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 29, 2026
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने शनिवार को केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभा को बताया कि पड़ोसी देश (नेपाल) में आई अचानक बाढ़ की चपेट में आए केंद्र शासित प्रदेश के तीन निवासियों की स्थिति के संबंध में सरकार केंद्र और नेपाल प्रशासन के संपर्क में है। उन्होंने बताया कि ये तीनों लोग कुंभकोणम (तमिलनाडु) स्थित एक यात्रा एजेंसी के पर्यटकों के समूह में शामिल थे, जो उन्हें नेपाल लेकर गई थी। रंगासामी ने यह जानकारी प्रोटेम स्पीकर ए. अनबालगन द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद दी।
उन्हें तलाशने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। प्रोटेम स्पीकर ने मुख्यमंत्री को केंद्र के साथ बातचीत करने के लिए अधिकारियों का एक उच्च-स्तरीय दल भेजने का सुझाव दिया, जिसे रंगासामी ने स्वीकार कर लिया। इस बीच, मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर नेपाल में फंसे तीनों लोगों का पता लगाने के लिए मदद मांगी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी पत्र में रंगासामी ने कहा कि आनंदा सुंदरी, वैष्णवी रामासामी और गीता रामासामी तमिलनाडु से नेपाल गए 57 तीर्थयात्रियों के दल का हिस्सा थीं। इन सभी लोगों की आखिरी ज्ञात स्थिति नेपाल-चीन सीमा के पास स्याब्रुबेसी में थी। इस बीच, बुधवार को नेपाल के रसुवा और मध्य नेपाल के अन्य हिस्सों में आई अचानक बाढ़ के बाद स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए 11 सदस्यीय भारतीय दल शनिवार को नेपाल पहुंचा।
इस आपदा में 500 से अधिक लोगों की मौत हुई है और करीब 2,000 लोग अब भी लापता हैं।