By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्कूली यात्रा के दौरान बनाए गए एक वीडियो को लेकर हुए विवाद के बाद नौवीं कक्षा के एक छात्र ने अपनी सहपाठी को कथित तौर पर चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि छात्र को हिरासत में ले लिया गया है।
इस यात्रा के दौरान एक कार्यक्रम में लड़कियों के नृत्य करने का वीडियो नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले आरोपी छात्र ने कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर साझा किया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस वीडियो को लेकर छात्रों के बीच बहस हुई, जिसके बाद लड़के ने इसे हटा दिया। पुलिस को संदेह है कि छात्र के मन में इस घटना को लेकर नाराजगी थी और इसी वजह से उसने छात्रा पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया।
अधिकारी ने बताया कि छात्रा का बयान दर्ज कर लिया गया है और छात्र को हिरासत में ले लिया गया है।