पुणे के एक विश्वविद्यालय में छात्र की लव-जिहाद के आरोप में पिटाई, पुलिस ने शुरू की जांच

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 09, 2024

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित एक विश्वविद्यालय के 19 वर्षीय मुस्लिम छात्र पर लव-जिहाद में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पांच अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। चतुश्रृंगी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को दोपहर में हुई थी। उस दौरान राज्य सरकार द्वारा संचालित सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के परिसर में वह छात्र दो छात्राओं के साथ जा रहा था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं। 

पुलिस ने बताया कि अपनी शिकायत में छात्र ने आरोप लगाया कि आधार कार्ड में उसका नाम देखने के बाद एक व्यक्ति ने उससे पूछा कि क्या वह विश्वविद्यालय में ‘‘लव जिहाद’’ फैलाने आया है। इसके बाद उसपर हमला कर दिया गया। आरोपियों ने मौके पर मौजूद उसके हिंदू पुरुष मित्र पर भी हमला किया। अधिकारी ने कहा, हमने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत शिकायत दर्ज की है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनका पता लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं।’’ 

इसे भी पढ़ें: AAP नेता संजय सिंह करेंगे पंजाब का दौरा, मुख्यमंत्री मान और पार्टी विधायकों के साथ करेंगे बैठक

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता विश्वविद्यालय में कौशल विकास पाठ्यक्रम का छात्र है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार विजय खरे ने कहा कि उन्होंने घटना की जांच के लिए एक तथ्य-अन्वेषण समिति का गठन किया है और सुरक्षाकर्मियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि असामाजिक तत्वों द्वारा छात्रों को धमकी दिए जाने की ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

प्रमुख खबरें

दस साल में 150 पेपर लीक, 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित, ‘छात्रों की गूंज’ में बोले राहुल

Mamata Banerjee का केंद्र पर प्रहार, Sonam Wangchuk के बहाने कहा - Democracy में बातचीत ही एकमात्र रास्ता

Sticker हटाने के लिए न करें Steel Scrubber का इस्तेमाल, ये Coconut Oil Hack बचाएगा आपके महंगे Utensils का लुक

डील कराने वालों को भी नहीं बख्श रहा ईरान, आगे का क्या है खौफनाक प्लान?