IPL में बिकने वाले तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने लियाम लिविंगस्टोन, जानिए पंजाब ने कितने करोड़ में खरीदा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 13, 2022

बेंगलुरू। इंग्लैंड के बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नीलामी के दूसरे दिन रविवार को पंजाब किंग्स ने 11 करोड़ 50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा जबकि फ्रेंचाइजी ने वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज ओडियन स्मिथ के लिए भी छह करोड़ रुपये खर्च किए। बाएं हाथ के भारत के दूसरे दर्जे के गेंदबाजों खलील अहमद और चेतन सकारिया के लिए भी फ्रेंचाइजी ने अच्छी बोली लगाई। खलील पांच करोड़ 25 लाख रुपये जबकि सकारिया चार करोड़ 20 लाख रुपये में बिके। अन्य भारतीय खिलाड़ियों के बीच आलराउंडर शिवम दुबे को छक्के जड़ने की उनकी क्षमता के कारण चेन्नई सुपरकिंग्स ने चार करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा जबकि गुजरात टाइटंस ने भारतीय टीम से बाहर चल रहे एक अन्य आलराउंडर विजय शंकर को एक करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदा।

दिन की शुरुआत में इन दो टीम के पास क्रमश: 20 और 28 करोड़ रुपये थे। ओडियन स्मिथ में नीलामी के दौरान काफी रुचि देखने को मिली क्योंकि उन्होंने हाल में भारत के खिलाफ संपन्न एकदिवसीय श्रृंखला में अपनी गति और नियंत्रण से प्रभावित किया था। साथ ही उनमें लंबे शॉट खेलने की क्षमता भी है। स्मिथ ने कैरेबियाई प्रीमियर लीग के दौरान अपनी गति से क्रिस गेल का बल्ला तोड़ दिया था और पंजाब की टीम ने पर्याप्त पैसा होने के कारण उन्हें टीम से जोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पंजाब किंग्स के मुख्य कोच अनिल कुंबले ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह सिर्फ हाल के प्रदर्शन के आधार पर नहीं है, हम सभी को पता है कि वह (ओडियन) उभरता हुआ खिलाड़ी है और उसने अपनी ताकत, गेंदबाजी कौशल और बल्लेबाजी कौशल दिखाया है। हमने यहां भारत के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में भी इसका नजारा देखा।’’

इसे भी पढ़ें: खेलों में रुचि रखने वाले नेता पटियाला के चुनावी मैदान में आजमा रहे अपना भाग्य, सुविधाओं में सुधार की बताई आवश्यकता

उन्होंने कहा, ‘‘हम पिछले कुछ समय से खिलाड़ियों केप्रदर्शन पर नजर रख रहे थे और हमें बेहद खुशी है कि हम ओडियन जैसे खिलाड़ी को आलराउंडर के रूप में अपने साथ जोड़ पाए।’’ दिन की शुरुआत में मुंबई के पास 27 करोड़ रुपये से अधिक बचे थे जबकि उन्हें कम से कम 10 खिलाड़ियों को खरीदना था। फ्रेंचाइजी ने हालांकि पहले सत्र के दौरान खिलाड़ियों को कोई खास रुचि नहीं दिखाई। टीम ने नवदीप सैनी के लिए बोली लगाई लेकिन इसके बावजूद राजस्थान रॉयल्स ने इस तेज गेंदबाज को दो करोड़ 40 लाख रुपये में खरीद लिया। मुंबई की टीम हालांकि जयदेव उनादकट को एक करोड़ 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ने में सफल रही जबकि लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय के लिए 65 लाख रुपये खर्च किए। टीम की बोली में हालांकि आक्रामकता नजर नहीं आई जिसके लिए वह जानी जाती है। मुंबई इंडियन्स ने हालांकि दिन के दूसरे सत्र में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को आठ करोड़ रुपये में खरीदा लेकिन वह चोटिल होने के कारण इस सत्र में नहीं खेल पाएंगे। दिन की शुरुआत में लखनऊ सुपर जाइंट्स के पास छह करोड़ 90 लाख रुपये के रूप में सबसे कम राशि थी। पहले दिन अच्छी एकादश तैयार करने के बाद फ्रेंचाइजी दूसरे दिन बड़ी बोली लगाने की स्थिति में नहीं थी। फ्रेंचाइजी ने कृष्णप्पा गौतम को 90 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा जिन्हें पिछले सत्र में सुपरकिंग्स ने नौ करोड़ रुपये से अधिक खर्च करके अपने साथ जोड़ा था। बैकअप तेज गेंदबाज के रूप में लखनऊ ने श्रीलंका के दुष्मंता चमीरा को खरीदा। दिल्ली कैपिटल्स ने भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम के कप्तान यश धुल को सिर्फ 50 लाख रुपये में खरीदा जिनका आधार मूल्य 50 लाख रुपये था। धुल दिल्ली कैपिटल्स अकादमी का हिस्सा रहे हैं। नीलामी में अंडर-19 टीम के आलराउंडर राज अंगद बावा में फ्रेंचाइजी की काफी रुचि रही और अंत में पंजाब किंग्स ने स्थानीय खिलाड़ी को दो करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। बावा के टीम के साथी तेज गेंदबाज राजवर्धन हेंगारगेकर के लिए सुपरकिंग्स ने एक करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए।

प्रमुख खबरें

Hindustan Zinc में Stake Sale की तैयारी, ₹80,000 करोड़ का Disinvestment Target पूरा करेगी सरकार

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार