भाजपा के एजेंट की भांति बर्ताव कर रहे हैं पंजाब के CM अमरिंदर सिंह: राघव चड्ढा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 10, 2021

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता राघव चड्ढा ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर ‘भाजपा के एजेंट’ की भांति बर्ताव करने का आरोप लगाया और उन्हें‘आधिकारिक रूप से इस भगवा पार्टी में शामिल हो जाने’ की सलाह दी। चड्ढा ने यह आरोप भी लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री ‘असहाय’ हैं और ईडी की जांच से जूझ रहे अपने बेटे को ‘बचाने’ के लिए केंद्र को ‘तुष्ट करने के लिए बाध्य हैं।’’ उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘पंजाब के मुख्यमंत्री भाजपा एजेंट की तरह बर्ताव कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को मेरी बिन मांगी सलाह है कि आप औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो जाइए। आपको मेरी सलाह है कि आप आधिकारिक रूप से भाजपा से जुड़ जाइए। तब ईडी, सीबीआई की जांच से गुजर रहे आपके रिश्तेदारों के खिलाफ सारे मामले दफन कर दिये जाएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ और तब आप भी भाजपा के लिए खुलकर काम कर सकते हैं।’’ आप नेता ने यह भी दावा किया कि अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार केंद्र द्वारा तीन विवादास्पद कृषि अध्यादेशों पर बनायी गयी उच्चाधिकार समिति का हिस्सा थी और इसी समिति ने उसे अपनी मंजूरी दी थी। चड्ढा ने कहा कि सिंह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले लेकिन उन्होंने प्रदर्शनकारी किसानों से मिलने महज कुछ किलोमीटर जाने की परवाह नहीं की।

प्रमुख खबरें

Assam में ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत

Delhi में दिव्यांग बच्चों के लिए उन्नत चिकित्सा केंद्र की शुरुआत

लोकायुक्त अधिकारियों ने शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा

Delhi में ट्रक ने मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को कुचला