राहुल की ताबड़तोड़ पारी से पंजाब किंग्स की जीत, धोनी एंड कंपनी की लगातार तीसरी हार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 07, 2021

दुबई। कप्तान केएल राहुल की 42 गेंद में आठ छक्कों और सात चौके जड़ित नाबाद 98 रन की पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के अंतिम लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को छह विकेट से हरा दिया। जीत के लिये 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने 13 ओवर में जीत हासिल की जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पास राहुल की आक्रामक पारी को रोकने का कोई तरीका नहीं था। ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे राहुल ने शुरू से ही आक्रामकता बरती और सीएसके के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ायीं। इस स्टाइलिश दायें हाथ के बल्लेबाज ने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़कर मैच खत्म किया। पहले के कुछ मैचों में पंजाब किंग्स के कप्तान के रवैये की आलोचना की गयी थी जिसमें वह मैच को आगे तक खींच कर ले गये थे और पंजाब की टीम जीत नहीं दर्ज कर पायी थी। राहुल के स्ट्राइक रेट की भी इस चरण के दौरान आलोचना की गयी और अंत में उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता वापस आ गयी। लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा तब हुआ जब उनके लिये प्लेआफ के दरवाजे बंद हो गये थे। 

इसे भी पढ़ें: हार पर विराट कोहली ने कहा, मैक्सवेल का रन आउट होना साबित हुआ टर्निंग प्वाइंट

शार्दुल ठाकुर ने तीन ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट झटके और वह सीएसके के दिन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज रहे जबकि अन्य गेंदबाज राहुल के सामने कुछ नहीं कर सके जिसमें दीपक चाहर (चार ओवर में 48 रन देकर एक विकेट), जोश हेजलवुड (तीन ओवर में 28 रन देकर कोई विकेट नहीं) और ड्वेन ब्रावो (दो ओवर में 32 रन) शामिल थे। राहुल ने इच्छानुसार बाउंड्री और छक्के जड़ना जारी रखा जबकि अन्य खिलाड़ी दूसरे छोर पर कोई उपयोगी योगदान नहीं कर सके। राहुल और मयंक अग्रवाल ने महज 4.3 ओवर में 46 रन जोड़ लिये थे। इसके बाद कप्तान ने शाहरूख खान (08) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिये चार ओवर में 34 रन जोड़े। सीएसके का कोई भी गेंदबाज राहुल की आकर्षक पारी को रोक नहीं पा रहा था जो अपनी टीम के नेट रन रेट को बढ़ाने के प्रयास में तेजी से रन बना रहे थे। इस आसान जीत के बावजूद पंजाब किंग्स का नेट रन रेट तालिका में चौथे स्थान पर काबिज कोलकाता नाइट राइडर्स से बेहतर नहीं हो सका। दोनों टीमों के अब 12 अंक हैं जबकि कोलकाता की टीम रात में मैच खेलेगी। इससे पहले पंजाब किंग्स ने सीएसके को सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस के 55 गेंद में 76 रन के बावजूद छह विकेट पर 134 रन ही बनाने दिये। सीएसके अनुभवी खिलाड़ी डु प्लेसिस की अर्धशतकीय पारी की बदौलत ही यह स्कोर बना सकी जिन्होंने अंतिम दो ओवर में 26 रन जोड़े। 

प्रमुख खबरें

Commonwealth Games: Gold Medal की बारिश! Priya, Sakshi ने India के लिए जीते Boxing Gold, बेटियों का कमाल

Litton Das की Australia टेस्ट में वापसी, Bangladesh क्रिकेट का बड़ा दांव

PoK पर ऐसा क्या बोले पाकिस्तानी? घसीटकर ले गई शहबाज की पुलिस

Glasgow से CWG 2030 की मेजबानी का बिगुल बजेगा, अहमदाबाद को मिलेगा औपचारिक न्योता!