By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में एक दिन में 1,152 मामलों की सबसे बड़ी वृद्धि के कारण इस साल खेतों में आग लगाने की घटनाओं की कुल संख्या पिछले साल के आंकड़े से अधिक हो गई है। चुनावी राज्य में पराली जलाने का मुद्दा राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है। पिछले साल 30 नवंबर तक पंजाब में पराली जलाने की 5,114 घटनाएं दर्ज की गई थीं, जबकि इस साल अब तक इनकी संख्या 6,516 हो चुकी है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 17 नवंबर तक खेतों में आग लगने की कुल घटनाओं की संख्या 6,516 थी और आंकड़ों से पता चलता है कि प्रवर्तन एजेंसियों ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेशों की अवज्ञा) के तहत 2,001 प्राथमिकी दर्ज की हैं और पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ भू-राजस्व अभिलेखों में 2,096 ‘लाल प्रविष्टि’ दर्ज की हैं। अधिकारियों ने बताया कि ‘लाल प्रविष्टि’ होने पर किसान अपनी कृषि भूमि के बदले कर्ज नहीं ले सकते और न ही उसे बेच सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस साल अब तक दर्ज प्राथमिकी और ‘लाल प्रविष्टि’ की संख्या पिछले साल के आंकड़े के करीब है।
आंकड़ों के अनुसार, 17 नवंबर तक पराली जलाने की सबसे अधिक घटनाएं फिरोजपुर में दर्ज की गईं, जहां 864 मामले सामने आए। इसके बाद संगरूर में 747, तरनतारन में 708, बठिंडा में 593 और पटियाला में 417 घटनाएं दर्ज की गईं। पंजाब में धान की पराली जलाने की घटनाओं में इस मौसम में अब तक की सबसे तीव्र वृद्धि आठ नवंबर को देखी गई, जब खेतों में आग लगने की 1,152 नई घटनाएं हुईं।
दिवाली के बाद घटनाओं में अचानक हुई वृद्धि को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह ने पिछले सप्ताह दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के इस दावे को झूठ” करार दिया था कि आम आदमी पार्टी शासित राज्य में किसानों ने आरोप लगाया है कि दिवाली मनाते समय उनके खेतों में जानबूझकर आग लगाई जा रही थी। पिछले सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता बिगड़ने को लेकर भी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए थे।
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने दिवाली के दिन पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक हुई वृद्धि को संदिग्ध बताया था। आप नेता हरपाल चीमा ने आरोप लगाया था कि भाजपा ने पंजाब के किसानों को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा था कि दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब को अनुचित तरीके से जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
इससे पहले दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी पराली जलाने के मुद्दे पर पंजाब की आप सरकार को निशाना बनाया था। हालांकि, मंगलवार को पंजाब के दौरे पर आए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पराली जलाने की घटनाओं में ऐतिहासिक कमी के लिए राज्य के किसानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि वे प्रदूषण के लिए जिम्मेदार नहीं हैं।
चौहान खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय दौरे पर मोहाली और लुधियाना पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी का हवाला देते हुए आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि चौहान खुद स्वीकार कर रहे हैं कि पंजाब के किसानों ने पराली जलाने में काफी कमी की है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, दुर्भाग्य से, उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर गंदी राजनीति के तहत दिन-रात पंजाब के किसानों को अपशब्द कहती रहती है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह पराली जलाने के मुद्दे पर केवल पंजाब को बदनाम करती है। उन्होंने आरोप लगाया था कि धान की कटाई शुरू होने से पहले ही भाजपा नेताओं ने राज्य को जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया था। मान ने कहा था, हम लगातार कह रहे हैं कि अगर हवा उत्तर से पश्चिम की ओर कम से कम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी, तभी पंजाब का धुआं दिल्ली पहुंचेगा और तब भी उसे वहां पहुंचने में तीन दिन लगेंगे।
लेकिन हवा उत्तर से पश्चिम की ओर नहीं चलती। यह पूर्व से पश्चिम या पश्चिम से पूर्व की ओर चलती है...। इस बीच, पंजाब में 2023 से 2025 के बीच पराली जलाने की घटनाओं में 86 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
इनकी संख्या 2023 में 36,663 थी, जो 2024 में घटकर 10,909 और 2025 में 5,114 रह गई।