Punjabi Bagh में 60 लाख की चोरी का आरोपी पकड़ा गया, नेपाल भागने की फिराक में था

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 27, 2026

पश्चिम दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके के एक घर में 60 लाख रुपये की कथित चोरी करने के मामले में वांछित आरोपी 22 वर्षीय घरेलू सहायक को बिहार में नेपाल की सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बिहार के सुपौल निवासी शशिकांत के रूप में हुई है, जिसने चोरी से ठीक एक दिन पहले शिकायतकर्ता के घर काम पर आना शुरू किया था।

पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड’, ‘मोबाइल टावर लोकेशन’ और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस को बिहार के बेलाही गांव की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम बिहार पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से गांव में छापेमारी की। हालांकि, पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही शशिकांत भाग निकला।

डीसीपी के मुताबिक, स्थानीय पूछताछ से संकेत मिला कि वह नेपाल भागने की फिराक में है जिसके बाद आगे की तकनीकी निगरानी से पुलिस ने कुनौली सीमा के पास उसका पता लगाया जहां से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उसने चोरी के आभूषण और अन्य कीमती सामान अपने आवास पर एक संदूक में छुपाए थे। पुलिस उसे बेलाही गांव स्थित उसके घर ले गयी, जहां उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि बरामद वस्तुओं में लगभग 450 ग्राम वजन की चांदी की प्लेट और सिक्के, हीरे की तीन चेन, सोने की एक चेन, एक हीरे का सेट, एक हीरे की अंगूठी, पांच हीरे के लॉकेट, दो कलाई घड़ियां और एक हीरे की बाली शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद माल की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। आगे की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

CBI Investigation से पहले फैसला क्यों? Ankita Bhandari केस में बोले Rahul Gandhi- पीड़ितों की आवाज दबाती है सरकार

Smriti Mandhana की अगुवाई में Zimbabwe से पहली द्विपक्षीय T20 सीरीज खेलेगा भारत

Parminder Singh Jhota की हत्या पर Punjab Bandh, Amritsar में भारी पुलिस बल तैनात

Pakistan Funding से भारत में अराजकता फैलाने की साजिश: अभिनेता Imran Khan पर Kirit Somaiya का गंभीर आरोप