By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 31, 2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राज्य पुलिस के नए गौरव चिह्नों ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट ह्न और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में नए गौरव चिह्नों का अनावरण करते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस की पहचान को नया स्वरूप प्रदान करना केवल प्रतीकों और वर्दी में बदलाव करना नहीं है, बल्कि यह पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मूल आदर्शों को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाए जाने वाले ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर राज्य पुलिस के नए गौरव चिह्नों के अनावरण का विशेष महत्व बताते हुए कहा कि यह अवसर राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आगामी छह नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर जवान अपनी नयी औपचारिक वर्दी में परेड में हिस्सा लेंगे।
राज्य पुलिस के नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, ‘सत्यमेव जयते’, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है जो राष्ट्रीय गौरव, सत्य, न्याय, उत्कृष्टता और प्रदेश की विशिष्ट भौगोलिक पहचान के प्रतीक हैं। पहले इस्तेमाल किए जाने वाले तीन रंगों वाले क्षैतिज पुलिस ध्वज की जगह अब गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नया ध्वज अपनाया गया है। इसके मध्य में नया पुलिस प्रतीक चिह्न और किनारों पर लाल तथा सुनहरे रंग की पट्टियां हैं।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दी पर लगाए जाने वाले फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया और क्रेस्ट को भी नए प्रतीक चिह्न के अनुरूप बनाया गया है। इसके अलावा, पारंपरिक खाकी वर्दी में बहुरंगी सेरेमोनियल सैश, अलंकरण और परेड से जुड़े विशेष साज-सामान शामिल कर उसे नया स्वरूप दिया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतर्कता जागरुकता सप्ताह का भी उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ-साथ शासन व्यवस्था में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर काम कर रही है और भ्रष्टाचारमुक्त शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने में सतर्कता विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने लोगों से भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने और इससे संबंधित शिकायत हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज कराने की अपील की।
उन्होंने मुख्य सचिव से इस हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की नियमित समीक्षा करने को भी कहा।