By अभिनय आकाश | Jan 31, 2026
मॉस्को में ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस का यह मशहूर सुनहरा दरवाजा खुला और रूस के राष्ट्रपति व्लादमीर पुतिन इस दरवाजे से एक विशाल हॉल में दाखिल हुए। इस हॉल में पुतिन उस शख्स से मिले जिसने कुछ दिन पहले ही पीएम मोदी से मुलाकात की थी। जानकारी के लिए बता दें कि ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस पुतिन का ऑफिशियल रेजिडेंस है और इसी पैलेस में लगे इन सुनहरे दरवाजों से एक बार पुतिन पीएम मोदी के साथ भी निकले थे। बहरहाल 29 जनवरी को पुतिन ग्रैंड क्रमन पैलेस के इसी हॉल में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहियान से मिले। दिलचस्प बात यह है कि 10 दिन पहले ही अल नाहियान अपनी पूरी कैबिनेट के साथ पीएम मोदी से भी मिलने पहुंचे थे।
सऊदी अरब ने तो यमन में संयुक्त अरब अमीरात के समर्थन वाले गुट पर एयर स्ट्राइक तक कर दी। इन दोनों देशों के बीच बढ़ रहे विवाद का एक यह कारण भी है कि संयुक्त अरब अमीरात ने वित्तीय और व्यापारिक केंद्र के रूप में सऊदी अरब को काफी पीछे छोड़ दिया है। ऐसे में दोनों की खींचतान और ज्यादा बढ़ गई है। लेकिन इसी खींचतान को पाकिस्तान और गहरा कर रहा है। पाकिस्तान ने इस विवाद को बढ़ाने के लिए सबसे पहले तो सिर्फ सऊदी अरब के साथ एक डिफेंस डील कर ली। उसके बाद एक इस्लामिक नाटो बनाने की मांग भी कर दी जिसके शुरुआती मेंबर्स पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की और कतर हो सकते हैं। अब यहां दिलचस्प बात यह है कि ये चारों देश संयुक्त अरब अमीरात से नाराज हैं।