हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है क्वाड : अमेरिकी सांसद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 17, 2022

वाशिंगटन| कुछ प्रमुख अमेरिकी सांसदों ने भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों की हालिया बैठक का स्वागत करते हुए कहा कि क्वाड समूह की महत्वपूर्ण साझेदारी साझा हितों वाले रणनीतिक महत्व के हिंद-प्रशांत क्षेत्र के भविष्य के प्रति एक सकारात्मक दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है। क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों ने पिछले हफ्ते मेलबर्न में बैठक की थी।

कुछ अमेरिकी सांसदों ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘‘अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के साथ निकट संबंधों के कट्टर समर्थक होने के नाते हम पिछले सप्ताह की मंत्रिस्तरीय बैठक के जरिए इस अहम साझेदारी को और मजबूत होते देखकर खुश हैं।’’ यह बयान सांसद जोआक्विन कास्त्रो, एड्रियन स्मिथ, जो कर्टनी, माइक गैलाघर, ब्रैड शर्मन, स्टीव चाबोट और अमी बेरा ने जारी किया। जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के लिए अमेरिकी संसद के कॉकस के सह-अध्यक्षों ने कहा कि पिछले हफ्ते की बैठक सितंबर 2021 में हुए शिखर सम्मेलन के परिणामों पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि क्वाड कोविड-19 टीकों के वितरण, मानवीय सहायता, पर्यावरण, समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी कदमों और साइबर सुरक्षा पर सहयोग को आगे बढ़ाकर साझा मूल्यों में निहित हिंद-प्रशांत के भविष्य के लिए एक सकारात्मक दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है।

सांसदों ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और क्वाड हिंद-प्रशांत में अन्य देशों और बहुपक्षीय संगठनों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा।

प्रमुख खबरें

NHAI चालू वित्त वर्ष में 1.80 लाख करोड़ रुपये की Highway Projects के लिए मांगेगा बोलियां

Delhi Police कर्मियों के परिजनों ने Parliament मार्च हिंसा पर अपनी पीड़ा जताई

Himachal Pradesh में उद्योगों को मिलेगा एकमुश्त सहमति प्रमाणपत्र: CM Sukhvinder Singh Sukhu

Bhuvaneshwar Kumar की 2027 World Cup में वापसी की मांग, R Ashwin ने चयनकर्ताओं को दिया बड़ा सुझाव