उठ रहे सवाल, क्या ढोंग है केजरीवाल का दलित प्रेम, देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा है AAP?

By Prabhasakshi News Desk | Feb 04, 2025

पंजाब के अमृतसर में गणतंत्र दिवस के मौके पर संविधान निर्माता डॉ बीआर अंबेडकर की प्रतिमा पर हुए हमले को लेकर विपक्षी दलों ने पंजाब और दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और इसके संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चौतरफा हमला बोल रखा है। इसको लेकर विपक्ष का आरोप है कि देश के संविधान निर्माता का यह अपमान गणतंत्र दिवस के दिन थाने के पास में हुआ, इसलिए यह और भी गंभीर मामला है। आम आदमी पार्टी दिल्ली से लेकर पंजाब तक खुद को दलितों का शुभचिंतक बताने की कोशिश करती रही है।

मामले को लेकर दलितों की पार्टी कहलाने वाली बीएसपी की अध्यक्ष और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इसे सीधे तौर पर पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार की लापरवाही का नतीजा बताया है। उन्होंने एक्स पर ताबड़तोड़ कई पोस्ट लिखे हैं। पहले पोस्ट में वह कहती हैं, 'संविधान निर्माता परम पूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मन्दिर के पास हेरिटेज स्ट्रीट में स्थापित प्रतिमा खंडित करने व वहां संविधान की किताब के नजदीक आग लगाने का प्रयास शर्मनाक। सरकारी लापरवाही से हुई ऐसी घटना की जितनी भी निंदा की जाए वह कम।'

आप की सरकार खुद को दलितों के लिए काम करने वाली सरकार कहती है, ऐसे में इसपर बसपा प्रमुख का हमला गंभीर सवाल उठा रहा है। बीजेपी ने भी पंजाब की भगवंत सरकार और आम आदमी पार्टी के लिए इस घटना के सिलसिले में जो कुछ कहा है, वह बहुत ही संवेदनशील है। पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, 'अमृतसर में बीआर अंबेडकर की सबसे ऊंची प्रतिमा को आप की पंजाब सरकार की नाक के नीचे एक शख्स ने हथौड़े से क्षतिग्रस्त कर दिया। यह प्रतिमा एक थाने के सामने है। प्रतिमा ऊंची थी, ऐसे में आरोपी को सीढ़ी कहां से मिली? यह अरविंद केजरीवाल की 'आप' के पंजाब में हुआ और पूरी टीम चुप है।'

भाजपा नेता ने इस गंभीर घटना के लिए केजरीवाल से आप के राष्ट्रीय संयोजक पद छोड़ने तक की मांग की है। उनका कहना है, 'अमृतसर में जो कुछ हुआ,वह अरविंद केजरीवाल की अनुमति के बिना नहीं हो सकता। केजरीवाल को अमृतसर जाना चाहिए, अंबेडकर की प्रतिमा के सामने माफी मांगनी चाहिए और वह अपने पद से इस्तीफा दें।' लेकिन, आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं पर कांग्रेस ने जिस तरह के आरोप लगाएं हैं, उसने संदेह को और गहरा दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा है, 'अमृतसर में गणतंत्र दिवस पर अंबेडकर की प्रतिमा को अपवित्र करने और नुकसान पहुंचाने की हम निंदा करते हैं, जहां कुछ उपद्रवियों ने संविधान की एक प्रति भी जला दी। यह सब देश के लिए अच्छा नहीं है।'

कांग्रेस नेता माकन ने यह बात फिर दोहराई का 'आप' 'राष्ट्र-द्रोही'है। उनका आरोप है कि पंजाब में गैंगस्टरों और कट्टरपंथियों में साठगांठ है। उन्होंने आरोप लगाया कि '(आप)पार्टी देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा है और अपनी स्वार्थी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।' जिस प्रेस कांफ्रेंस में माकन आप और उसके नेताओं को घेर रहे थे, वहां पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा भी मौजूद थे। उन्होंने रिपोर्ट का हवाला देकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर खालिस्तानियों के डर से फरीदकोट में तिरंगा नहीं फहराने तक का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'इसे चुनौती के तौर पर लेने के बजाए, मान पटियाला भाग गाए। पंजाब के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ, यहां तक कि आतंकवाद के सबसे बुरे दिनों में भी नहीं हुआ कि कोई मुख्यमंत्री या मंत्री इस तरह से भाग गया हो।'

प्रमुख खबरें

Nykaa Q1 Results: नायका के मुनाफे में 3 गुना से ज्यादा का उछाल, Beauty and Fashion सेगमेंट में दिखा जबरदस्त Growth

Apple App Store से Telegram अचानक हुआ गायब, Child Abuse कंटेंट पर कड़ी कार्रवाई के बाद छिड़ी बड़ी बहस

Ben Stokes का बड़ा ऐलान: International Cricket को कहा अलविदा, भविष्य में England Team का Head Coach बनने का है लक्ष्य

Samrat Choudhary ने बिहार के धरोहर स्थलों का सर्वेक्षण कराने की घोषणा की