चेन्नई के खराब प्रदर्शन से धोनी की फिटनेस पर उठ रहे सवाल

By आदर्श प्रकाश सिंह | Apr 15, 2025

आईपीएल के 18वें सत्र में अब तक खेले गए मैचों में कई बातें उभर कर आई हैं। पिछले साल की तीन मजबूत टीमें चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की हालत इस बार पतली है जबकि गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन काबिलेतारीफ है। वहीं सबसे महंगे बिके विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं दिखा पा रहे हैं। आपको बता दें कि पंत को इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा है। पहले बात करते हैं चेन्नई की टीम की। यह टीम अपने घर में तीन मैच हार चुकी है। इस नाते महेन्द्र सिंह धोनी की फिटनेस पर सवाल उठने लगे हैं। भारत के पूर्व कप्तान धोनी जुलाई में 44 साल के हो जाएंगे। इतनी उम्र के बावजूद वह आईपीएल में खेलना जारी रखे हुए हैं। दो साल पहले उन्होंने सीएसके की कप्तानी छोड़ दी थी। युवा रुतुराज गायकवाड़ चेन्नई के नए कप्तान बनाए गए। पर, मौजूदा सत्र के बीच चोटिल होने के कारण उन्हें कप्तानी छोड़नी पड़ी। फिर से धोनी के कंधों पर नेतृत्व का भार आन पड़ा है। मगर, उनकी कप्तानी में भी चेन्नई को शुक्रवार को कोलकाता से शर्मनाक पराजय का सामना करना पड़ा। पांच बार की चैम्पियन रही यह टीम अब तक 7 मैचों में से 5 हार चुकी है। शुरुआती एक मैच जीतने के बाद से धोनी के वर्चस्व वाली यह टीम लगातार पराजय का सामना कर रही हैै। धोनी की वजह से पीली जर्सी वाली चेन्नई टीम के प्रशंसक करोड़ों में हैं लेकिन अब उनमें निराशा का भाव जाग गया है।  भारत के क्रिकेट इतिहास में आईपीएल की लोकप्रियता चरम पर है। हर साल गर्मियों में होने वाले इस टूर्नामेंट में देश की प्रतिष्ठा भले ही दांव पर न हो लेकिन खिलाडि़यों को मालामाल करने के लिए यह काफी है। आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग देश का एक ब्रांड बन चुका है। स्टेडियम में आने वाली भीड़ अपने चहेते खिलाडि़यों को चौके छक्के लगाते देखना चाहती है।     

इसे भी पढ़ें: IPL 2025: विराट कोहली ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने दुनिया के दूसरे बल्लेबाज

सोमवार 14 अप्रैल को लखनऊ में खेला गया मैच चेन्नई ने अवश्य जीत लिया लेकिन अब भी अंक तालिका में धोनी की टीम आखिरी पायदान पर है। सात में से केवल दो मैचों में चेन्नई को जीत मिली है। ऐसे में नहीं लगता कि सीएसके चोटी की चार टीमों में पहुंच पाएगी। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अपने घरेलू मैदान में पांच विकेट से हार गई। मेजबान टीम से ज्यादा यहां पीली जर्सी वाले प्रशंसक अधिक दिख रहे थे। इसकी एकमात्र वजह महेन्द्र सिंह धोनी हैं जिन्हें खेलते देखने के लिए दर्शक बेताब रहते हैं। धोनी कहीं भी खेल रहे हों उन्हें देखने का क्रेज बरकरार रहता है। मगर, देखने की बात यही है कि वह कब तक खेलेंगे? लखनऊ में धोनी ने 26 रन ही बनाए लेकिन उनके बल्ले से निकले 4 चौैके और एक छक्के से इकाना स्टेडियम रोमांचित हो गया। 

इसी मुकाबले में लखनऊ टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने इस आईपीएल में पहली बार अर्धशतक बनाया। उनकी नाकामी से टीम पर दबाव पड़ रहा था। पंत की विफलता से टीम प्रबंधन चिंतित भी था। कप्तान के असफल होने से टीम के मनोबल पर असर पड़ता है। उन्होंने 63 रनों की पारी खेली। हालांकि, अपनी टीम को जिता नहीं पाए। अभी तक खेले गए मैचों के हिसाब से पंत की टीम चौथे नंबर पर है। उसने 7 में से 4 मैच जीते हैं। वेस्ट इंडीज के निकोलस पूरन इस टीम के दमदार खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं।

दिल्ली की टीम नए कप्तान अक्षर पटेल की अगुवाई में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अभी तक ऋषभ पंत दिल्ली के कप्तान थे। दिल्ली कैपिटल्स अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसने 5 में से 4 मैच जीते हैं। गुजरात की टीम अभी चोटी पर है। शुभमन गिल की कप्तानी में इस टीम ने 6 में से 4 मैच जीते हैं। बेंगलुरू की टीम 6 में से 4 मैच जीत कर अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। अभी आईपीएल में काफी मैच खेले जाने हैं। टीमें ऊपर नीचे हो सकती हैं। कई नए खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। पंजाब के प्रियांश ने अपने पहले ही मैच में शतक लगाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

प्रमुख खबरें

Vande Bharat में खाने में शिकायत पर Indian Railways का सख्त एक्शन, IRCTC और वेंडर पर ठोका जुर्माना

IPL 2026: RCB को नया मालिक मिलने के साथ बदलेगा नाम? अनन्या बिड़ला ने दिया ये जवाब

जंग के बीच Peace Talks की खबरों पर America का खंडन, बोला- Pakistan में कोई बात नहीं हो रही

जिस Asiya Andrabi पर भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आरोप साबित हुआ, उसके समर्थन में उतरीं Mehbooba Mufti