By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
(कुशान सरकार) वेलिंगटन, 17 नवंबर न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र का मानना है कि यहां की पिचों पर शुरू में घास दिख सकती है और उससे तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ परिस्थितियां बल्लेबाजी के लिए अधिक अनुकूल होती जाती हैं। कंधे की हड्डी खिसकने के बाद वापसी कर रहे रविंद्र का मानना है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है लेकिन अगर बल्लेबाज क्रीज पर कदम जमा लें और अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमन करें तो वह बड़ा स्कोर बना सकते हैं। रविंद्र ने बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व कहा, ‘‘लोग अक्सर कहते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड की टीम देखने में जितनी कमजोर लगती है, उससे कहीं बेहतर खेलती है।
मुझे लगता है कि पिच पर घास होने से हम यह सोचने के लिए मजबूर हो जाते हैं कि गेंद कैसी रहेगी? क्या वह स्विंग करेगी, उछाल देगी या सीम करेगी? लेकिन यह आम टेस्ट विकेट होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि नई गेंद हमेशा ऐसा रवैया अपनाती है।
हमने यहां लिए पिछले कुछ वर्षों में अच्छे स्कोर बनते हुए देखे हैं और शानदार क्रिकेट देखी है। इसलिए मुझे उम्मीद है कि यह हमेशा की तरह अच्छा विकेट होगा।’’ रविंद्र ने कहा, ‘‘इस विकेट पर अच्छी उछाल होती है। यह न्यूजीलैंड में होने वाले टेस्ट मैच हैं।
यहां हमेशा तेज गेंदबाजों का दबदबा रहेगा और स्पिनरों का भी थोड़ा-बहुत मदद मिलेगी।’’ यह 26 वर्षीय खिलाड़ी कंधे की हड्डी खिसकने के बाद आठ सप्ताह तक बाहर रहने के बाद वापसी कर रहा है। उन्होंने कहा कि मैदान पर वापसी करके उन्हें अच्छा लग रहा है। रविंद्र ने कहा, ‘‘टीवी पर खिलाड़ियों को खेलते हुए देखकर हमेशा थोड़ा कुछ छूट जाने का डर लगता है।
मन करता है कि काश मैं भी वहां होता। मैं बेहद उत्साहित हूं, खासकर वेलिंगटन में। तीन महीने बाद अपने घरेलू मैदान पर पहला मैच खेलना हमेशा अच्छा लगता है।’’