रायबरेली-अमेठी से साफ हो जाएगा कांग्रेस का सूपड़ा: दिनेश शर्मा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 19, 2019

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने गुरुवार को कहा कि इस लोकसभा चुनाव में रायबरेली और अमेठी से कांग्रेस तथा आजमगढ़ और कन्नौज से सपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। शर्मा ने कहा,  जिस प्रकार का जनसमर्थन भाजपा को मिल रहा है, उससे यह तय हो गया है कि रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस को पराजय का स्वाद चखना पड़ेगा। कांग्रेस को सपा व बसपा की  बी  टीम बताते हुए उन्होंने कहा कि हाथ के पंजे की देश को अब जरूरत नहीं है। इस पंजे ने देश को लूटा है और बर्बाद किया है। उन्होंने कहा कि सरकारें आती जाती रहेंगी पर विकास न करने वालों को जनता दण्ड देना जानती है। इस चुनाव में जाति व धर्म के बंधन टूट गए हैं और विकास का कहर विपक्षियों पर टूट पड़ा है।  इस चुनाव में मोदी की लहर नहीं बल्कि विपक्षियों पर मोदी की लोकप्रियता का कहर है।  शर्मा ने कहा कि चुनाव में विपक्ष को अभी से हार नजर आने लगी है इसलिए उस हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की तैयारी की जाने लगी है। वे चुनाव हारेंगे जरूर क्योंकि उन्होंने काम नहीं किया। पहले चुनाव बिजली, पानी, सड़क के मुद्दों पर होते थे पर इस चुनाव में वे सभी मुद्दे गायब है क्योंकि मोदी ने उन सभी कामों को पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, तृणमूल कांग्रेस, राजद सभी एक दूसरे के पिछलग्गू बने हुए हैं। इनके पास कोई नीति अथवा सिद्धांत नहीं हैं। इनके पास विकास का कोई एजेन्डा नहीं है तथा ये केवल भाजपा व मोदी को रोकने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: धर्म और आतंकवाद के नाम पर लोगों की भावनाओं से खेल रहे हैं मोदी: कुमारस्वामी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की तस्वीर बदलने के साथ ही नए भारत का निर्माण हो रहा है। आज हिन्दुस्तान शक्तिशाली राष्ट्रों में जाना जा रहा है। एक समय वह था जब दुनिया के बडे़ देशों में भारत की गरीबी के चित्र दिखाए जाते थे। आज मोदी के कमान संभालने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति अपने देश के नौजवानों से कहते हैं कि भारत से आने वाले होनहार युवा अपने देश के नौजवानों को बेरोजगार कर देंगे। इनसे बचकर रहना होगा। ये बदली परिस्थितियों को बताता है। उन्होंने कहा कि आज भारत ताकतवर देशों में गिना जा रहा है। पहले आतंकी आते थे और घटनाओं को अंजाम देते थे पर भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका, रूस, जापान और यूएन में मात्र पत्र देकर इसका विरोध करते थे और पाकिस्तान इसके जवाब में सबूत माँगने लगता था। इसके बाद भारत के प्रधानमंत्री सफेद कबूतर उड़ाकर पाकिस्तान को प्रेम का संदेश देते थे। वो गोली चलाते थे और ये कबूतर उड़ाते थे। इसके बाद जब मोदी प्रधानमंत्री बने तब भी आतंकियों ने समझा कि पहले जैसे ही चलता रहेगा पर भारत ने बता दिया कि हमारे बहादुर जवान घर के अन्दर घुसकर मारना भी जानते हैं।

कांग्रेस पर दिनेश शर्मा का वार, कहा- 72 साल में ना दे पाये 72 रुपये, अब 72 हजार देने की बात करते हैं 

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने गुरूवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 72 साल में जो 72 रूपये ना दे पाये, अब 72 हजार रूपये देने की बात कर रहे हैं। शर्मा ने कुशीनगर में विजय संकल्प युवा सम्मेलन में कहा,  72 साल में जो 72 रूपये ना दे पाये, अब 72 हजार रूपये देने की बात कर रहे हैं ... कांग्रेस पार्टी जनता को सही रास्ते से भटकाना चाहती है। कुशीनगर से भाजपा प्रत्याशी विजय दुबे की मौजूदगी में शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों का कर्ज दस दिन में माफ करने के वायदे को कांग्रेस ने तोडा़ है जबकि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने किसानों की कर्ज माफी का लक्ष्य हासिल कर लिया है। भाजपा और कांग्रेस के चरित्र एवं कार्यों में बहुत बडा़ अंतर है।

प्रमुख खबरें

एशियाई खेलों की 10m एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा के फाइनल में पहुंचे Kamaljeet और Suruchi

Chittorgarh में 4 करोड़ का गांजा बरामद, तीन ट्रकों के साथ 7 तस्कर पकड़े गए

Asian Games में भारत का Surfing डेब्यू, पहले दौर की हीट में Sugar Shanti और Kamali Prakash पिछड़ीं

कर्नाटक: BJP नेता R Ashok ने सूखा राहत राशि को बताया अपर्याप्त, कर्ज माफी की उठाई मांग