Bharat Jodo Yatra के दिल्ली पहुँचते ही आरएसएस पर राहुल गांधी ने हमले किये तेज, भाजपा ने किया तगड़ा पलटवार

By गौतम मोरारका | Dec 24, 2022

सितंबर महीने में कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुँच गयी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से दिल्ली के प्रवेश द्वारों पर कांग्रेस पार्टी के झंडे, बैनर बड़ी संख्या में लगाकर राहुल का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सड़कों के दोनों ओर कांग्रेस के झंडे के रंग वाले गुब्बारे भी लगा कर पूरे क्षेत्र को सजाया गया था। अपने स्वागत से खुश हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस दौरान भाजपा और आरएसएस पर देश में डर और नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी पार्टी के लोग मोहब्बत फैला रहे हैं। 'भारत जोड़ो यात्रा' के दिल्ली में प्रवेश करने के मौके पर उन्होंने कहा, "इस यात्रा में अमीर गरीब, किसान, मजदूर, हर धर्म और भाषा के लोग शामिल हैं। इस यात्रा में आपको नफरत नहीं दिखाई देगी। यहां सभी लोगों को मोहब्बत और इज्जत दी जाती है।" उन्होंने कहा, "यह यात्रा, महंगाई, बेरोजगारी, डर और नफरत के खिलाफ है।" 

इसे भी पढ़ें: नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने की बात करने वाले राहुल गांधी असल में कुछ और ही कर रहे हैं

हम आपको बता दें कि राहुल गांधी की अगुवाई में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार सुबह दिल्ली में प्रवेश कर गयी जिससे शहर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में यातायात प्रभावित रहा। यातायात पुलिस ने उन मार्गों को लेकर परामर्श भी जारी किया है जहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के कारण यातायात अवरुद्ध होने की आशंका है। इस बीच, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं और थोड़ी दूर तक राहुल गांधी के साथ चलीं। उल्लेखनीय है कि यह दूसरी बार है जब पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कन्याकुमारी से सितंबर में शुरू हुई इस पदयात्रा में हिस्सा लिया है। वह इससे पहले अक्टूबर में कर्नाटक में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुई थीं। सुबह में विश्राम के लिए यात्रा के आश्रम चौक पहुंचने से पहले सोनिया गांधी ने चेहरे पर मास्क लगाकर अपने बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कुछ मिनट तक चहलकदमी की।

इस बीच, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि जो देश का नामोनिशान मिटाने की सोचते हों वो भारत जोड़ने की बात कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा है कि जिनकी यात्रा में नफरत का बीज बोने वाले हों वो मोहब्बत की दुकान खोलने की बात ही कैसे कर सकते हैं। केंद्रीय सूचना और प्रसारण तथा खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी के लिए देश हित नहीं परिवार हित पहले है।

प्रमुख खबरें

Bihar में पहली बार BJP का मुख्यमंत्री, CM Samrat Choudhary बोले- मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा

First Date को बनाना है यादगार? इन Dos and Donts से सेट करें अपना Perfect Impression

ऐसा क्या हो गया था जो ट्रंप ने तुरंत मोदी को फोन लगाया और 40 मिनट तक बातचीत की?

Iran पर घमासान: China ने सैन्य मदद से किया इनकार, US को दी Trade War की धमकी