देश में Rahul Gandhi बन सकते हैं मजबूत विकल्प: Prithviraj Chavan

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने शनिवार को कहा कि देशभर में राजनीतिक माहौल में बदलाव दिखाई दे रहा है और लोग वैकल्पिक नेतृत्व की तलाश में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी यह विकल्प बन सकते हैं। राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के दौरान दिए गए बयानों की भाजपा द्वारा आलोचना किए जाने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष देश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं और विदेशों में निवेशक यह जानना चाहते हैं कि शीर्ष पद पर पहुंचने पर उनकी नीतियां क्या होंगी।

चव्हाण ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में राजस्थान के पंचायत चुनावों के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि ये नतीजे राजनीतिक माहौल में बदलाव का संकेत देते हैं। राजस्थान में हाल में हुए पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस ने उल्लेखनीय बढ़त हासिल करते हुए जिला परिषद की 1,271 सीटों में से 794 और पंचायत समिति की 7,520 सीटों में से 3,758 सीटें जीतीं। भाजपा को जिला परिषद की 357 और पंचायत समिति की 2,213 सीटों पर जीत मिली।

चव्हाण ने कहा, ‘‘देश में बदलाव हो रहा है। राहुल गांधी ने आक्रामक रुख अपनाया है और निर्वाचन आयोग में कथित अनियमितताओं तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग सहित कई मुद्दे उठाए हैं। सरकार के खिलाफ माहौल है और ‘जेन जी’ के युवा भी सड़कों पर उतर रहे हैं।’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जुड़े निर्वाचन क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस ने हाल के विधान परिषद चुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है, जिनमें वाराणसी और नागपुर के चुनाव शामिल हैं।

चव्हाण ने कहा, ‘‘राजनीतिक माहौल बदल रहा है। राजस्थान के नतीजे स्पष्ट संकेत देते हैं कि हवा का रुख बदल गया है। लोग बदलाव चाहते हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के झूठे वादों की पोल खुल गई है और लोगों को विश्वास होने लगा है कि राहुल गांधी वैकल्पिक नेतृत्व दे सकते हैं।’’ प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के रुख पर चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक प्रक्रिया के रूप में परिसीमन के खिलाफ नहीं है, लेकिन वह नहीं चाहती कि इससे दक्षिणी राज्यों के साथ अन्याय हो। पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा के बारे में पूछे जाने पर चव्हाण ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस पूर्व बयान का उल्लेख किया, जिसमें कहा गया था कि कोई और घटना होने पर भी यह अभियान जारी रहेगा।

चव्हाण ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जारी है या इसे रोक दिया गया है। हाल ही में एक और आतंकवादी हमला हुआ है। एक तरफ आप पाकिस्तानी नेताओं को आमंत्रित कर रहे हैं और उनका स्वागत कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री ने कहा था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जारी रहेगा।’’ हालांकि, चव्हाण ने कहा कि उन्हें पाकिस्तानी प्रतिनिधियों का स्वागत करने पर कोई आपत्ति नहीं है।

उन्होंने जोर दिया कि दोनों देशों के संबंध सद्भावना पर आधारित होने चाहिए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद समाप्त हो गया है, चव्हाण ने कहा कि खतरा खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने नक्सलवाद और गरीबी खत्म करने के सरकार के दावों की भी आलोचना की।

उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार का दावा है कि उसने 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है, तो मुफ्त अनाज पाने वाले 80 करोड़ लोगों को गरीब कैसे नहीं माना जा सकता है। भाजपा ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया है कि भारत में पिछले 12 से 13 वर्षों के दौरान करीब 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।

प्रमुख खबरें

Womens Asian Champions Trophy में भारत की चमक, दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराया

VHP ने फिल्म Ramayana के प्रदर्शन पर रोक लगाने की उठाई मांग

Greater Noida में 2027 में होगी WorldSkills Asia प्रतियोगिता, PM Narendra Modi ने की घोषणा

Odisha में 100 साल के विजन के साथ बनेगा Flood Management रोडमैप, IIT Roorkee से मांगी मदद