By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 17, 2025
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आसपास सड़कों, फुटपाथों और सबवे पर डेरा डाले कई मरीजों और उनके परिवारों से मुलाकात की और केंद्र तथा दिल्ली सरकार पर उनके प्रति असंवेदनशीलता दिखाने का आरोप लगाया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने उनकी समस्याओं और शिकायतों के बारे में जानकारी ली। गांधी ने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, “बीमारी का बोझ, ठिठुराने वाली सर्दी और सरकारी असंवेदनशीलता। आज मैं एम्स के बाहर मरीजों और उनके परिवारों से मिला, जो दूर-दराज से इलाज की आस में आए हैं।”
गांधी ने कहा, “इलाज की राह में वे सड़कों, फुटपाथों और सबवे पर सोने को मजबूर हैं-ठंडी जमीन, भूख, और असुविधाओं के बीच भी बस उम्मीद की एक लौ जलाए बैठे हैं। केंद्र और दिल्ली सरकार दोनों, जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह से नाकाम रहे हैं।