इंदौर में Rahul Gandhi के कार्यक्रम को जगह नहीं मिली तो सड़क पर होगा: Jitu Patwari

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 13, 2026

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को ‘गैर राजनीतिक आयोजन’ बताते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को कहा कि अगर प्रस्तावित मैदान पर इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई, तो यह आयोजन सड़क पर किया जाएगा। पटवारी ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘छात्रों की गूंज एक गैर राजनीतिक कार्यक्रम है। इसे किसी भी दृष्टि से राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए प्रशासन, पुलिस या अन्य किसी भी विभाग से अनुमति लेनी होगी, तो कांग्रेस नियमानुसार यह मंजूरी लेगी।

पटवारी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम के प्रति सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सोच अगर अनुचित है, तो यह स्थिति देश की राजनीति के लिए ठीक नहीं है। कांग्रेस ने शुरुआत में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन के लिए शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी थी, लेकिन मंजूरी नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम की तारीख 12 सितंबर से बदलकर 19 सितंबर कर दी गई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के एक पुराने आदेश के तहत यह स्टेडियम सिर्फ खेलकूद या राज्यस्तरीय शासकीय आयोजनों के लिए ही दिया जा सकता है।

‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस का विद्यार्थी-संवाद अभियान है जिसके जरिये राहुल गांधी प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठा रहे हैं। इस अभियान के तहत अब तक कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। पटवारी ने आगाह किया कि भोपाल और इंदौर के विकास का ‘मास्टर प्लान’ अगर तीन महीने में घोषित नहीं किया गया, तो कांग्रेस 50,000 कार्यकर्ताओं के साथ इंदौर से भोपाल कूच करेगी और मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात के लिए उनके घर पहुंचेगी।

प्रमुख खबरें

Share Market में कम होगा अचानक उतार-चढ़ाव, SEBI के नए ट्रेडिंग नियमों से मिलेगी स्थिरता

BRICS में PM Modi की वैश्विक चुनौतियों पर चेतावनी, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रमुख समाचार

मैन्युफैक्चरिंग और महंगे शेयरों से डरे Foreign Investors, आखिर क्यों भारतीय बाजार से कतरा रहे हैं निवेशक?

Tripura में बांग्लादेश सीमा पर Smart Border परियोजना का अध्ययन शुरू, CM Manik Saha ने दी जानकारी