By अंकित सिंह | Jan 10, 2023
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में प्रवेश कर चुकी है। पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा बुधवार से शुरू होगी। आज राहुल गांधी पंजाब पहुंचने के बाद सीधे अमृतसर के स्वर्ण मंदिर पहुंचे। अपने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी भाजपा पर जबरदस्त तरीके से हमलावर है। इन सबके बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की समझ नहीं है कि आखिर राहुल गांधी का दर्शन क्या है। वे खुद कहते हैं कि राहुल गांधी को राहुल गांधी ने मार दिया। खट्टर ने आगे कहा कि वे शिवभक्त बन जाते हैं, कभी वे 'पुजारियों' को निशाने पर ले लेते हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि राहुल गांधी जो कहते हैं, उसकी वजह से कांग्रेस को शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है, भाजपा को नहीं। वह वास्तव में पप्पू हैं। इससे पहले राहुल ने आरएसएस का परोक्ष जिक्र करते हुए कहा कि कौरव कौन थे? पहले मैं आपको 21वीं सदी के कौरवों के बारे में बताऊंगा। वे खाकी निकर पहनते हैं, हाथ में लाठी लेकर चलते हैं और शाखाएं लगाते हैं। भारत के दो-तीन अरबपति कौरवों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा था कि क्या पांडवों ने नोटबंदी या गलत जीएसटी जैसा कोई फैसला किया था? क्या वे ऐसा कभी भी करते? कभी नहीं। क्यों? क्योंकि वे तपस्वी थे और जानते थे कि नोटबंदी, गलत जीएसटी, कृषि कानून तपस्वियों को इस धरती से हटाने का तरीका है।
राहुल ने स्वर्ण मंदिर में माथा टेका
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के तहत पंजाब में पदयात्रा आरंभ करने से एक दिन पहले मंगलवार को दोपहर में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में माथा टेका। वह इस यात्रा का हरियाणा का पड़ाव अंबाला में पूरा करने के बाद हवाई मार्ग से अमृतसर पहुंचे। केसरिया रंग की पगड़ी पहने राहुल गांधी ने स्वर्ण मंदिर में कतारबद्ध खड़े हुए और माथा टेका, अरदास में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। राहुल गांधी ने स्वर्ण मंदिर की अपनी तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘गुरु के द्वारे, श्री हरमंदिर साहिब पहुंच कर मानवीय मूल्यों में विश्वास और भी गहरा हो जाता है। सत श्री अकाल! ’’