By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 07, 2026
प्रयागराज (उप्र), सात अगस्त कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को कहा कि प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी अनुमति मिल गई है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्यक्रम में रिकॉर्ड संख्या में लोग शामिल होंगे। गांधी ने अपने दौरे को लेकर ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रयागराज आ रहा हूं - देश के उस शहर में जहां सबसे ज़्यादा नौजवान तैयारी करते हैं।
आखिर में एक मंत्री को जाना पड़ा।” उन्होंने कहा, “यह सरकार झुकती है बस आवाज़ एक साथ उठनी चाहिए। कल प्रयागराज में यही बात करने आ रहा हूं। आप भी आइए।
आठ अगस्त, शाम 5 बजे - के.पी. ग्राउंड, प्रयागराज।” इससे पहले राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमें कार्यक्रम की मंजूरी मिल गई है। अब कोई रुकावट नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी शनिवार को विद्यार्थियों के साथ राहुल के सवांद को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। राय ने बताया कि कांग्रेस ने शनिवार के कार्यक्रम के बारे में जागरुकता के लिए शुक्रवार शाम प्रयागराज में एक मोटरसाइकिल रैली निकालने की योजना बनाई है।
अजय राय राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए पिछले कुछ दिनों से प्रयागराज में मौजूद हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अगर कोई गड़बड़ी नहीं हुई तो राहुल जी के कार्यक्रम में रिकॉर्ड संख्या में विद्यार्थी पहुंचेंगे।’’ कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने केपी ग्राउंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के लिए बृहस्पतिवार देर रात सशर्त मंजूरी प्रदान की। न्यास के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं से परामर्श करके आयोजकों को कुछ शर्तों के साथ कार्यक्रम की अनुमति दी गई है।
इसमें कॉलेज में अध्ययन-अध्यापन कार्य प्रभावित नहीं होना और जिलाधिकारी की अनुमति जैसी शर्तें शामिल हैं।’’ इस बीच कर्नलगंज के सहायक पुलिस आयुक्त/कार्यपालक मजिस्ट्रेट की ओर से भी अनुमति दी गई है। अनुमति पत्र के अनुसार पुलिस ने जॉर्जटाउन इलाके में एमजी रोड स्थित केपी ग्राउंड में शनिवार को अपराह्न चार बजे से रात नौ बजे तक प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए कुछ शर्तों के साथ अनुमति दे दी है। अनुमति पत्र में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजक बताया गया है।
मंजूरी पत्र में कहा गया है कि आयोजकों को शोर-शराबे संबंधी नियमों का पालन करना होगा, साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ और यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त वॉलंटियर तैनात करने, पार्किंग की उचित व्यवस्था करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी सार्वजनिक मार्ग पर बाधा न उत्पन्न हो। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान भगदड़, सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान या किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। आदेश में प्रतिभागियों को हथियार रखने, शराब या नशीले पदार्थों का सेवन करने और किसी राजनीतिक, गैर-राजनीतिक संगठन, धर्म, जाति या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक, भड़काऊ या अपमानजनक टिप्पणी करने पर रोक लगाई गई है।
इसमें पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के प्रावधानों और न्यायालय के सभी आदेशों व सरकारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य किया गया है। पुलिस ने कहा है कि शर्तों के उल्लंघन या सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने पर अनुमति तत्काल निरस्त कर दी जाएगी। इसके पहले केपी ट्रस्ट ने बुधवार को आठ अगस्त के राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी।
उस समय जितेंद्र नाथ चौधरी ने कहा था, “केपी कॉलेज के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त 2025 को आदेश पारित किया था जिसमें केपी कॉलेज के मैदान को खेल-कूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा किसी अन्य कार्य के लिए नहीं देने को कहा गया था।’’ उन्होंने कहा था कि इसके अलावा मैदान में बारिश का पानी भरा हुआ है जिससे इस तरह का आयोजन जोखिम भरा हो सकता है। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को अनुमति इस शर्त के साथ दी गई थी कि वह इस आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति प्राप्त करेगी, लेकिन अभी तक जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं प्राप्त की गई है। अजय राय ने बृहस्पतिवार को यहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के प्रयागराज दौरे का कार्यक्रम जारी किया जिसके मुताबिक, राहुल आठ अगस्त को एक विशेष विमान से अपराह्न दो बजे दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे।
राय द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी साढ़े तीन बजे प्रयागराज हवाई अड्डा से सड़क मार्ग के जरिए आनंद भवन जाएंगे और शाम छह बजे से साढ़े आठ बजे तक ‘केपी ग्राउंड’ में पार्टी का संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ आयोजित होगा।