NSUI कार्यकर्ताओं पर कथित लाठीचार्ज, Rahul Gandhi बोले- भारत की आवाज दबा नहीं सकते

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 14, 2026

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के छात्र संगठन एनएसयूआई से जुड़े कुछ प्रदर्शनकारियों की पुलिस द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि दोनों नेता ‘‘भारत की आवाज’’ के खिलाफ खड़े हैं। राहुल गांधी कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ मीडिया से मुखातिब हुए, जिन्हें दिल्ली में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने के कारण चोट आई है। गांधी ने इन छात्रों की ओर इशारा करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘जैसा कि मैंने अपनी प्रेस वार्ता में कहा था, अपने चारों ओर देखिए।

प्रधानमंत्री भी इस आवाज के खिलाफ खड़े हैं। मेरी आपको सलाह है कि इसके खिलाफ खड़े न हों। इस आवाज के खिलाफ कोई खड़ा नहीं हो सकता।’’ गांधी ने इस दौरान केरल की निवासी और दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा आथिरा का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पुलिस कार्रवाई के कारण उसके एक कान की सुनने की क्षमता चली गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल की आथिरा के एक कान की सुनने की क्षमता चली गई है। उसके कान पर चोट मारी गई थी और अब वह उस कान से सुन नहीं सकती।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘पिछली बार मैंने आपको एक लड़का दिखाया था जिसकी आंखों की रोशनी चली गई थी। अब आथिरा एक कान से सुन नहीं सकती।’’ आथिरा ने आरोप लगाया कि मंगलवार को जब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया तो जिस बस में उन्हें ले जाया गया, उसमें कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी।

छात्रा के मुताबिक, उसने पुलिसकर्मियों से सवाल किया कि महिला पुलिस अधिकारी या महिला कांस्टेबल कहां हैं क्योंकि हिरासत में लेने की स्थिति में कम से कम एक महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी जरूरी है। अथिरा ने आरोप लगाया कि इसके बाद बस चली और कनॉट प्लेस पुलिस थाने के सामने रुकी, जहां उसके चेहरे पर मारा गया। उसने कहा, ‘‘इसकी वजह से मेरी आंख में चोट लगी है और कान को भी नुकसान पहुंचा है।’’ गांधी ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह उनसे ‘‘प्यार और दिल से’’ एक बात कहना चाहते हैं कि उन्होंने सभी छात्रों से घटनाओं के वीडियो बनाने और साक्ष्य सुरक्षित रखने को कहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैं हर छात्र से वीडियो बनाने और हमें भी साक्ष्य भेजने को कह रहा हूं। जब यह पूरा मामला खत्म होगा तो हम सभी साक्ष्यों का इस्तेमाल करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जो जवाबदेह हैं, उन्हें दंडित किया जाए।’’

प्रमुख खबरें

Maharashtra में किसानों को ₹6,000 करोड़ की अग्रिम मदद, सवा करोड़ खातों में पहुंचेंगे ₹5,000

Patna High Court ने दुष्कर्म प्रयास की सजा रद्द की, महिला की लज्जा भंग का दोषी माना

Supreme Court पहुंची AIMIM, वोटर लिस्ट SIR और फॉर्म में बदलाव को दी कानूनी चुनौती

JNU से बर्खास्तगी के बाद Congress MP Bimol Akoijam पर Delhi Police का शिकंजा, पूछताछ का नोटिस