Rae Bareli पहुंचे Rahul Gandhi, व्यापारियों और वकीलों से मिलकर जानी समस्याएं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 08, 2026

रायबरेली (उप्र), आठ सितंबर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे के दौरान व्यापारियों, वकीलों, फार्मासिस्टों और अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और उन्हें हल करने की कोशिश की जाएगी। एक स्थानीय कांग्रेस नेता ने यह जानकारी दी। कांग्रेस नेता ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम को अपने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली पहुंचे और इस दौरान उनका बैंड-बाजे और पुष्प वर्षा के बीच भव्‍य स्‍वागत किया गया।

ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। स्थानीय कांग्रेस नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि महराजगंज में गांधी का काफिला कुछ पलों के लिए ही थमा। वह गाड़ी से नीचे नहीं उतरे और गाड़ी में बैठे-बैठे ही उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

उन्होंने बताया कि कोटवा मदनिया के पास गांधी का काफिला कुछ देर के लिए रुका, जहां पहले से खड़े बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने उन्हें अपनी व्यथा बताई। गांधी ने लोगों की बातों को ध्यान से सुना और उन्‍हें संबल दिया। उन्होंने बताया कि वहां से महराजगंज होते हुए गांधी का काफिला जिला मुख्यालय पहुंचा।

शहर में प्रभु टाउन में गांधी ने व्यापारियों के साथ बैठक की और उनकी समस्याओं को जाना। भुएमऊ अतिथि गृह में प्रतिनिधि मंडलों के साथ बैठक कर समस्याएं सुनीं। गांधी इस दौरान अधिवक्ताओं से भी मिले और उनकी समस्याओं के निदान के लिए भरोसा दिया।

प्रभू टाउन स्थिति बच्चू त्रिवेदी के आवास पर व्यापारियों के साथ सांसद राहुल गांधी ने काफी देर तक संवाद किया। ‘सेंट्रल बार एसोसिएशन’ के अध्यक्ष सुरेश चंद यादव, महामंत्री संजय सिंह, सुनील सिंह भदौरिया समेत अन्य ने मुलाकात की। इस बीच, कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि रायबरेली के प्रभु टाउन में राहुल गांधी के आने पर ‘‘व्यापारियों की आवाज-राहुल गांधी जी के साथ’’ जैसे नारे लगे।

गांधी ने स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हित, सम्मान और अधिकारों के लिए राहुल गांधी सदैव प्रतिबद्ध हैं।

कांग्रेस नेता ने बताया कि गांधी के बुधवार शाम लखनऊ होते हुए दिल्ली के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।

प्रमुख खबरें

गैंगस्टर Himanshu Bhau अमेरिका में हिरासत में, प्रत्यर्पण की तैयारी में जुटी Haryana Police

रीवा में प्रस्तावित परमाणु बिजलीघर का विरोध, Umang Singhar ने दिया ग्रामीणों को समर्थन

María Corina Machado की Venezuela वापसी, 10 महीने के निर्वासन के बाद पहुंचीं स्वदेश

Commonwealth Kabaddi Championship में भारत का दबदबा, महिला और पुरुष टीमों ने दर्ज की जीत