By अंकित सिंह | Dec 28, 2020
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का आज 136 वां स्थापना दिवस है। कांग्रेस भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी है जिसने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज ही के दिन मुंबई की गोकुलदास तेजपाल संस्कृत महाविद्यालय में कांग्रेस का जन्म हुआ था। एओ ह्यूम ने इस पार्टी की नींव रखी थी। एओ ह्यूम स्कॉटलैंड के एक रिटायर अधिकारी थे। हालांकि जीवित रहते हुए उन्हें कांग्रेस के स्थापक का दर्जा तो नहीं मिला लेकिन उनकी मौत के बाद 1912 में उन्हें इसका संस्थापक घोषित किया गया। 1985 में डब्ल्यू सी बनर्जी को कांग्रेस का पहला अध्यक्ष चुना गया था। 1947 तक आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाली कांग्रेस आजादी के बाद भी देश की सत्ता में सबसे ज्यादा दिनों तक रही। अब तक कांग्रेस पार्टी के 88 अध्यक्ष रह चुके हैं। हालांकि आजादी के बाद सिर्फ 18 अध्यक्ष बने हैं।
इसके अलावा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी छुट्टियां मनाने विदेश चले गए थे। वह उस समय भी अनुपस्थित रहे जब महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा के चुनाव हो रहे थे और पार्टी मजबूती से लड़ने का दावा कर रही थी। उस समय यह दावा किया गया था कि राहुल गांधी बैंकॉक गए थे। जब महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आए तो राहुल गांधी फिर एक बार विदेश यात्रा पर निकल गए। दोनों ही राज्यों में कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा लेकिन राहुल को इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ा और वह मेडिटेशनल ट्रिप के लिए विदेश चले गए। खास बात यह है कि इसी दौरान कांग्रेस मोदी सरकार को घेरने के लिए आर्थिक मंदी, बेरोजगारी के अलावा कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही थी। राहुल उस दौरान भी विदेश में थे जब पंजाब विधानसभा चुनाव होने वाले थे। नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस में शामिल होने की तैयारी थी लेकिन राहुल न्यू ईयर पार्टी मनाने में व्यस्त थे।
जब संसद में एसपीजी बिल पर चर्चा हो रही थी तब गृहमंत्री अमित शाह ने बताया था कि राहुल गांधी ने 2015 से लेकर अगले 4 सालों तक कम से कम 247 विदेश यात्राएं की थी। इससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि राहुल विदेश दौरों में कितना व्यस्त रहते हैं। राहुल के इसी रवैया ने एक बार फिर से भाजपा को उन पर प्रहार करने का एक अच्छा मौका दे दिया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस एक ओर जहां 136वां स्थापना दिवस मना रही है, वहीं राहुल गांधी नौ दो ग्यारह हो गए हैं। भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी के विदेश दौरे पर तंज कसा है। गिरिराज ने कहा कि भारत में राहुल गांधी की छुट्टी खत्म हो गई है वह आज इटली वापस चले गए। आपको बता दें कि राहुल गांधी के रवैया पर कई बार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी का विदेश जाना जाहिर सी बात है एक बार फिर से सवाल पैदा करता है। भाजपा उन्हें एक बार फिर से पार्ट टाइम पॉलीटिशियन बताएगी।