By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 31, 2022
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने यहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान गुजरात के मोरबी शहर में पुल हादसे में मारे गए लोगों की याद में दो मिनट का मौन रखा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर और सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा का चौथा दिन शादनगर में सुबह साढ़े पांच बजे शुरू हुआ। भारत यात्रियों ने सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की और फिर गुजरात में मोरबी पुल त्रासदी में मारे गए लोगों की याद में दो मिनट का मौन रखा।’’
जिला परिषद स्कूल, थोंडापल्ली, शमशाबाद के पीछे रात्रि विश्राम किया जाएगा। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। यात्रा का पिछले सप्ताह तेलंगाना चरण शुरू करने से पहले गांधी ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश की पदयात्रा की। तेलंगाना राज्य कांग्रेस इकाई ने यात्रा के समन्वय के लिए 10 विशेष समितियों का गठन किया है।