By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 20, 2026
राजस्थान पुलिस के अपराधी गिरोह रोधी विशेष कार्य बल (एजीटीएफ) ने जोधपुर में लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गिरोह से जुड़े दो कथित शार्प शूटर को गिरफ्तार किया है जिन पर पंजाब पुलिस ने पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिले के जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा (23) और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला (23) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों अबोहर में कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा और फाजिल्का में साहिल सेन की हत्या समेत कई मामलों में वांछित हैं और दोनों के खिलाफ पंजाब में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, लूट, संपत्ति संबंधी अपराध और शस्त्र अधिनियम समेत कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा ने बताया कि आरोपियों के पास से 83 ग्राम अफीम दूध, एक रिवॉल्वर, 88,100 रुपये, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। सिद्धांत ने बताया कि दोनों करीब डेढ़ साल पहले हत्या की वारदातों को अंजाम देने के बाद नेपाल चले गए थे और वहां से लौटकर मध्यप्रदेश के रास्ते राजस्थान पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके जोधपुर आने के मकसद तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनके संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही है।