Kirodi Lal Meena का इस्तीफा स्वीकार करने से BJP को कौन-सी मजबूरी रोक रही है?

By नीरज कुमार दुबे | Jul 11, 2024

राजस्थान सरकार से इस्तीफा दे चुके भाजपा के वरिष्ठ नेता किरोडी लाल मीणा को लेकर संशय की स्थिति बरकरार है। सवाल उठ रहा है कि एक महीना बीत जाने के बावजूद उनका इस्तीफा स्वीकार क्यों नहीं किया गया है? हम आपको याद दिला दें कि साल 2007 में वसुंधरा राजे मंत्रिमंडल से जब किरोडी लाल मीणा ने अपना इस्तीफा दिया था तो वह महज सप्ताह भर के भीतर ही स्वीकार कर लिया गया था लेकिन अब उनको इस्तीफा दिये पूरा एक महीना हो चला है। उनके इस्तीफे के चलते राजस्थान में कृषि जैसे बड़े महकमे को अन्य मंत्री अतिरिक्त प्रभार के रूप में चला रहे हैं। इसलिए सवाल उठ रहा है कि आखिर वह कौन-सी मजबूरी है जो भाजपा नेतृत्व को किरोडी लाल मीणा का इस्तीफा स्वीकार करने से रोक रही है।

इसे भी पढ़ें: Kirodi Lal Meena के समर्थन में उतरे Sachin Pilot, पाला बदलने की अटकलें जोरों पर !

दूसरी ओर किरोडी लाल मीणा इस समय जिस तरह केंद्रीय मुद्दों पर बयान दे रहे हैं उससे लगता है कि वह खुद भी राजस्थान की राजनीति से बाहर निकल कर दिल्ली की राजनीति करना चाहते हैं। राहुल गांधी की ओर से हाल ही में हिंदुओं के बारे में दिये गये बयान की निंदा करते हुए किरोडी लाल मीणा ने कहा है कि हिंदू हिंसक नहीं होता है वह किसी से लड़ाई नहीं करता है। यही नहीं, किरोडी लाल मीणा ने भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की अपनी मांग को दोहराते हुए कहा है कि इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रशिक्षित हिंदू तैयार करने होंगे। उन्होंने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा है कि जिस प्रकार धर्म की रक्षा के लिए शिवाजी और महाराणा प्रताप ने अधर्मियों से लड़ाई लड़ी थी वैसा ही हमें करना होगा। उन्होंने खुद को छत्रपति शिवाजी और महाराणा प्रताप की संतान बताते हुए कहा है कि मैं जनता के लिए लड़ता हूं और आगे भी लड़ता रहूंगा।

बहरहाल, अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हुई हैं कि दिल्ली में इस सप्ताह के अंत में किरोडी लाल मीणा जब भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मिलेंगे तो उन्हें पार्टी नेतृत्व की ओर से क्या फरमान सुनाया जाता है। हम आपको बता दें कि राजस्थान की भजन लाल सरकार से अपने इस्तीफे को लेकर किरोडी लाल मीणा ने बार-बार यही कहा है कि उनकी संगठन या मुख्यमंत्री से कोई नाराजगी नहीं है और उन्होंने अपनी उस सार्वजनिक घोषणा के कारण इस्तीफा दिया है कि अगर पार्टी उनके अधीन वाली लोकसभा सीटें हारती है तो वे इस्तीफा दे देंगे। दरअसल किरोडी लाल मीणा ने दौसा, भरतपुर, करौली-धौलपुर, अलवर, टोंक-सवाई माधोपुर और कोटा-बूंदी समेत पूर्वी राजस्थान की सीट पर प्रचार किया था। भाजपा इनमें से भरतपुर, दौसा, टोंक-सवाईमाधोपुर और धौलपुर-करौली सीट कांग्रेस से हार गई थी।

प्रमुख खबरें

जिंदा नहीं लौटेंगे...अमेरिकी हमलों के बाद ईरान की हिला देने वाली धमकी

ईरान के 90 ठिकानों पर पहले बरसाए ताबड़तोड़ बम, फिर कहा- अब हो गया! ये है ट्रंप का वॉर ऑफ स्टाइल

Ram Mandir Donation Scam: अखिलेश यादव ने Trust के पुनर्गठन की मांग की, BJP पर साधा निशाना

अमेरिका-कनाडा और यूरोप में भारतीय गैंगस्टर्स पर बड़ा एक्शन, हत्या, जबरन वसूली और ड्रग्स से जुड़े आरोपों में चार्जशीट दाखिल