By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 08, 2026
जयपुर, आठ सितंबर राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान होगा जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में बुधवार को जयपुर जिले के 18 नगर निकाय समेत राज्य के 162 नगर निकायों में मतदान होगा।
पहले चरण में शामिल चार नगर निगम अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा हैं। इस चरण में कुल 20,623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अधिकारियों के अनुसार, 162 नगर निकायों में 7,683 मतदान केंद्रों पर 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
जयपुर जिले में 18 नगर निकायों के लिए 565 केंद्रों पर मतदान होगा। जयपुर जिले में जिन निकायों में चुनाव हो रहे हैं, उनमें मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, शाहपुरा, दूदू, चाकसू, फागी, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, वाटिका, कानोता, बस्सी, बगरू, कालाडेरा और चौमूं शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मतदान दल मंगलवार को अपने-अपने मतदान केंद्रों का जिम्मा संभाल लेंगे। राज्य के सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव के लिए दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को मतदान होगा, जबकि परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।