By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
कांग्रेस ने राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में अपना दबदबा बनाए रखते हुए बृहस्पतिवार को 37 जिला परिषदों में उप जिला प्रमुख पद जीत लिए जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आठ पदों पर जीत हासिल हुई। राज्य निर्वाचन आयोग के परिणामों के अनुसार भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने तीन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने एक पद पर जीत हासिल की। उप जिला प्रमुख पदों के चुनाव से एक दिन पहले बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव में भी कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की थी।
कांग्रेस ने 24 जिला प्रमुख पद जीते जबकि भाजपा को 10, बीएपी को दो और आरएलपी को एक पद मिला था। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अलवर, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, डीडवाना-कुचामन, डीग, धौलपुर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालोर, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटपूतली-बहरोड़, फलोदी, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही और टोंक में उप जिला प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने अजमेर, बालोतरा, बांसवाड़ा, ब्यावर, झालावाड़, खैरथल-तिजारा, पाली और उदयपुर में अपने उप जिला प्रमुख बनाए।
वहीं बीएपी ने डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूंबर में उप जिला प्रमुख पद जीते, जबकि आरएलपी को नागौर में सफलता मिली। अलवर, दौसा, धौलपुर और जैसलमेर में कांग्रेस के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख पद भी जीत लिया।
कांग्रेस उम्मीदवार राजेश को 31 में से 20 मत मिले। एक दिन पहले कांग्रेस की रेणु वाला ने यहां जिला प्रमुख पद पर भाजपा उम्मीदवार पूजा जाटव को 17 के मुकाबले 14 मतों से हराया था। बांसवाड़ा में भाजपा की प्रियंका कुंवर 22 मत लेकर उप जिला प्रमुख चुनी गईं, जबकि बुधवार को यहां जिला प्रमुख पद पर बीएपी ने जीत दर्ज की थी।
इसी तरह डीग में जिला प्रमुख पद भाजपा के खाते में जाने के बावजूद उप जिला प्रमुख पद कांग्रेस ने जीता। प्रतापगढ़ में जिला प्रमुख पद भाजपा को मिला था, लेकिन उप जिला प्रमुख पद पर बीएपी ने जीत हासिल की। जयपुर में कांग्रेस के 29 वर्षीय सुनील कुमार कुमावत 41 मत प्राप्त कर उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए।
जालोर में कांग्रेस की 22 वर्षीय ममता ने 31 मत हासिल कर जीत दर्ज की। बृहस्पतिवार के परिणामों में कांग्रेस ने कई प्रमुख जिलों में अपनी स्थिति मजबूत की। हालांकि, कुछ जिलों में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख अलग-अलग दलों के निर्वाचित हुए।
पिछले सप्ताह शुक्रवार को घोषित जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों में भी कांग्रेस ने भाजपा पर बड़ी बढ़त हासिल की थी। आयोग के अनुसार कांग्रेस ने पंचायत समितियों की 3,701 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 2,181 सीटें मिली थीं। इसी तरह जिला परिषदों में कांग्रेस ने 599 और भाजपा ने 301 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
राज्य के 41 जिलों में कुल 457 पंचायत समितियों के 8,245 वार्डों और जिला परिषदों के 1,403 वार्डों के लिए चुनाव प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इनमें से 37 जिलों में पंचायत समितियों की 7,543 और जिला परिषदों की 1,275 सीटों के लिए मतगणना पिछले शुक्रवार को हुई थी। शेष चार जिलों कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में मौजूदा पंचायती राज संस्थाओं का पांच वर्ष का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त होने के कारण मतगणना 17 दिसंबर को होगी।
जिला परिषद पंचायती राज व्यवस्था की जिला स्तरीय संस्था है। इसके सदस्यों का चुनाव मतदाता सीधे करते हैं। निर्वाचित सदस्य अपने बीच से जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनते हैं।
पंचायत समिति इस त्रिस्तरीय व्यवस्था में खंड स्तर की संस्था है, जबकि ग्राम पंचायत गांव के स्तर पर काम करती है। पिछले पंचायती राज चुनाव चक्र 2020-21 में भाजपा ने 17 जिला प्रमुख पद जीते थे। जबकि कांग्रेस को 13 पद मिले थे।
उस समय राज्य के 33 जिलों में तीन जिला परिषदों के प्रमुख निर्दलीय निर्वाचित हुए थे। राज्य में पंचायत समितियों में प्रधान पदों के लिए शुक्रवार को चुनाव होंगे। इसके अगले दिन शनिवार को उपप्रधान चुने जाएंगे।
ये चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार दिसंबर में अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे करने जा रही है।