Rajasthan Police SOG ने पकड़ा फर्जी मेडिकल डिग्री गिरोह, तीन आरोपी गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार कर उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करने और इनके आधार पर मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले में गिरोह के तीन कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले के संबंध में पूर्व में गिरफ्तार किए गए रामकिशोर महावर से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता चला। उन्होंने बताया कि महावर केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ा है और उसने कथित तौर पर फर्जी डिग्रियों के आधार पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम किया था। एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि गिरोह लाखों रुपये लेकर पिछली तारीखों की एमबीबीएस, एमडी और अन्य मेडिकल डिग्रियां उपलब्ध कराता था।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सत्यजीत पाणिग्रही, मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी मनीष मांझी और उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी खुर्रम तौफीक के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि पाणिग्रही सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था जबकि मांझी फर्जी दस्तावेज तैयार करवाता था और तौफीक उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करता था। बंसल के अनुसार, महावर ने फर्जी एमबीबीएस और एमडी (स्त्री रोग) की डिग्रियों के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराया था और इसके बाद उसने जून 2025 से सफदरजंग अस्पताल में संविदा पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम किया।

उन्होंने बकाया कि महावर ने फर्जी डिप्लोमा के आधार पर विभिन्न अस्पतालों में सोनोग्राफी भी की। यह मामला अक्टूबर 2024 में राजस्थान मेडिकल काउंसिल की शिकायत पर जयपुर के अशोक नगर थाने में दर्ज किया गया था हालांकि बाद में जांच एसओजी को सौंप दी गई। बंसल ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी डिग्रियों के आधार पर पंजीकरण कराने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।

प्रमुख खबरें

Gurnoor Brar ने लंच से ठीक पहले चटकाया पहला टेस्ट विकेट, New Zealand 77/1

देश का नाम भारत रखने में Madhya Pradesh का बड़ा योगदान: CM Mohan Yadav

पंजाब में पिछली सरकारों ने चुनाव बाद भुलाए वादे, भगवंत मान का Congress, SAD और BJP पर हमला

Delhi Police ने पकड़ा अंतरराष्ट्रीय Cyber Fraud सिंडिकेट, बंधक बनाए गए 164 विदेशी नागरिक छुड़ाए